रांची , अक्टूबर 03 -- झारखंड प्रदेश राजद प्रवक्ता कैलाश यादव ने शनिवार को देवघर विधायक एवं राजद विधायक दल के नेता सुरेश पासवान से उनके आवास पर शिष्टाचार मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना।
इस दौरान संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
मुलाकात के दौरान विधायक दल के नेता एसआईआर, एमएमडीआर और ओबीसी कॉलम हटाए जाने के मुद्दे पर राजद को राज्यभर में लोकतांत्रिक तरीके से जोरदार विरोध प्रदर्शन करना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इन मुद्दों को लेकर सड़क पर उतरने का आह्वान किया।
श्री यादव ने कहा कि पिछले वर्ष बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में विशेष गहन पुनरीक्षण (एस आई आर) की प्रक्रिया शुरू की गई थी। राजद का आरोप है कि इस प्रक्रिया के दौरान बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए, जिससे गरीब, ग्रामीण, कम पढ़े-लिखे और बाहर मजदूरी करने वाले लोगों को परेशानी हुई।
श्री यादव ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में किसी भी व्यक्ति के मतदान के अधिकार को प्रभावित नहीं किया जाना चाहिए।
सुरेश पासवान ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार के इशारे पर कमजोर, गरीब, अल्पसंख्यक, आदिवासी, दलित और पिछड़े वर्ग के लोगों को मतदाता सूची से हटाने की कोशिश की गई, जो लोकतांत्रिक और संवैधानिक व्यवस्था के खिलाफ है।
एमएम डी आर के मुद्दे पर राजद नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार झारखंड की खनिज संपदा और राज्य के राजस्व पर अधिकार बढ़ाने का प्रयास कर रही है। नेताओं ने कहा कि राज्य सरकार के स्तर पर इसका विरोध किया जाएगा।
ओबीसी कॉलम को लेकर भी राजद नेताओं ने केंद्र सरकार पर सवाल उठाए। यादव ने कहा कि देश में जातीय जनगणना के बीच ओबीसी से संबंधित आंकड़ों के लिए अलग कॉलम नहीं होने का मुद्दा गंभीर है। उन्होंने कहा कि राजद इन सभी मुद्दों को लेकर राज्यभर में लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेगा।
श्री यादव ने बताया कि 4 अक्टूबर को शाम 4:30 बजे धुर्वा बस स्टैंड पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पुतले का दहन कर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन रांची जिला राजद की ओर से किया जा रहा है। इसमें रांची में रहने वाले राजद के नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे।
इस दौरान कैलाश यादव के साथ महिला राजद नेत्री ऊषा यादव, पार्वती ठाकुर, आशा देवी, शारदा देवी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित