रुड़की/देहरादून , मार्च 12 -- उत्तराखंड के रुड़की स्थित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) में 13 मार्च से 15 मार्च तक अपने प्रमुख वार्षिक तकनीकी महोत्सव कॉग्निज़ेंस 2026 का आयोजन किया जाएगा।
यह तीन दिवसीय आयोजन देशभर से हजारों युवा नवोन्मेषकों, प्रौद्योगिकी विशेषज्ञों और रचनात्मक विचारकों को नवाचार, प्रतियोगिता और सहयोग के मंच पर एकत्रित करेगा। एशिया के दूसरे सबसे बड़े तकनीकी महोत्सव के रूप में व्यापक रूप से पहचाना जाने वाला कॉग्निज़ेंस तकनीकी अन्वेषण, सहयोगात्मक शिक्षण और नवाचार-प्रेरित प्रतियोगिताओं के लिए एक सशक्त मंच प्रदान करता रहा है।
आईआईटी निदेशक प्रो. कमल किशोर पंत ने बताया कि कॉग्निज़ेंस नवाचार, जिज्ञासा और तकनीकी उत्कृष्टता की उस भावना का प्रतिनिधित्व करता है जो आईआईटी रुड़की की पहचान है। उन्होंने बताया कि युवा नवोन्मेषकों, उद्योग नेतृत्वकर्ताओं और शिक्षाविदों को एक साथ लाकर यह महोत्सव ऐसा पारिस्थितिकी तंत्र निर्मित करता है जहाँ विचार प्रभावी समाधानों में परिवर्तित होते हैं। कॉग्निज़ेंस जैसे आयोजन भविष्य के लिए तैयार प्रतिभाओं को विकसित करने और भारत की तकनीकी आकांक्षाओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
प्रो पंत ने बताया कि वर्ष 2026 का संस्करण "एम्पीरियन टेक्नोजेनेसिस" विषय पर आधारित है, जो समाज के भविष्य को आकार देने में प्रौद्योगिकी की परिवर्तनकारी भूमिका को प्रतिबिंबित करता है। तीन दिवसीय यह महोत्सव 3,000 से अधिक महाविद्यालयों के 25,000 से अधिक प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है। जिन्हें अत्याधुनिक प्रौद्योगिकियों, बहुविषयी चुनौतियों और वास्तविक जीवन के नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र से जुड़ने का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि आईआईटी रुड़की के विद्यार्थियों द्वारा आयोजित कॉग्निज़ेंस एशिया के सबसे बड़े छात्र-संचालित तकनीकी महोत्सवों में से एक के रूप में विकसित हो चुका है, जो रचनात्मकता, नवाचार और तकनीकी उत्कृष्टता की संस्कृति को प्रोत्साहित करता है।
आईआईटी के छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. ब्रजजीव त्यागी ने बताया कि इस आयोजन में 50 से अधिक प्रतियोगिताएँ और तकनीकी आयोजन शामिल होंगे। जिनमें प्रमुख रूप से आर्मागेडन, फ्लाइट फ्यूरी, स्काइथ सीटीएफ और इनोववेव शामिल हैं। उन्होंने बताया कि कुल मिलाकर 50 लाख रुपये से अधिक की पुरस्कार राशि के साथ यह महोत्सव युवा प्रतिभाओं को तकनीकी नवाचार की सीमाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करेगा।
प्रो त्यागी के अनुसार, महोत्सव में 15 से अधिक उद्योग-नेतृत्व वाली कार्यशालाएँ और विशेषज्ञ सत्र भी आयोजित किए जाएंगे, जिन्हें प्रमुख संस्थाएँ जैसे माइक्रोसॉफ्ट, मिंत्रा, मीशो और अमेरिकन एक्सप्रेस संचालित करेंगी। इससे प्रतिभागियों को उभरती प्रौद्योगिकियों, उद्योग संबंधी अंतर्दृष्टियों और उद्यमिता के अवसरों के बारे में मूल्यवान जानकारी प्राप्त होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित