नयी दिल्ली , मार्च 20 -- भारतीय अंडर-20 महिला टीम 24 खिलाड़ियों के साथ शुक्रवार सुबह एएफसी अंडर-20 महिला एशिया कप के लिए थाईलैंड पहुंच गई।

20 साल बाद एशिया कप के लिए क्वालिफाई करने वाली 'यंग टाइग्रेस' टीम को 2 अप्रैल को जापान के खिलाफ अपने पहले ग्रुप सी मुकाबले से पहले बैंकॉक की परिस्थितियों के अनुकूल ढलने के लिए 13 दिन का समय मिलेगा। यह मैच भारतीय समयानुसार शाम 6:30 बजे खेला जाएगा। इसके बाद भारत 5 अप्रैल को दोपहर 2:30 बजे ऑस्ट्रेलिया और 8 अप्रैल को दोपहर 2:30 बजे चीनी ताइपे से भिड़ेगा। एएफसी अंडर-20 महिला एशिया कप थाईलैंड 2026 का सीधा प्रसारण फैनकोड पर किया जाएगा।

ग्रुप की शीर्ष दो टीमें और तीनों ग्रुपों में से दो सर्वश्रेष्ठ तीसरे स्थान वाली टीमें क्वार्टर फाइनल में पहुंचेंगी। इसके अलावा, क्वार्टर फाइनल जीतने वाली चार टीमें फीफा अंडर-20 महिला विश्व कप पोलैंड 2026 के लिए क्वालिफाई करेंगी।

स्वीडन के मुख्य कोच जोआकिम एलेक्जेंडरसन के मार्गदर्शन में भारतीय टीम ने जनवरी में आईडब्ल्यूएल के पहले चरण के बाद बेंगलुरु में प्रशिक्षण शिविर शुरू किया था। इसके बाद टीम ने स्वीडन में एक महीने का कैंप किया, जहां उन्होंने स्वीडिश क्लबों की सीनियर टीमों के खिलाफ पांच फ्रेंडली मैच खेले। स्कैंडिनेविया से लौटने के बाद टीम ने कोलकाता में अपनी तैयारियां जारी रखीं, जहां से वह शुक्रवार तड़के थाईलैंड के लिए रवाना हुई।

एलेक्जेंडरसन टूर्नामेंट के करीब अंतिम 23 सदस्यीय टीम की घोषणा करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित