गोरखपुर , मार्च 26 -- उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में स्थित रामगढ़ताल स्थित वाटर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में जापान एशियाड 2026 के लिए रोइंग महिला टीम की स्पेशल ट्रेनिंग रामगढ़ताल में होने जा रही है और इस शिविर में देशभर की चुनिंदा महिला रोअर्स हिस्सा ले रही हैं।

गौरतलब है कि रामगढ ताल में पहले खेलो इंडिया के अंतर्गत रोइंग के आल इंडिया यूनिवर्सिटी गेम का सफल आयोजन और अब जापान एशियाड 2026 के लिए रोइंग महिला टीम की स्पेशल ट्रेनिंग रामगढ़ताल में होने जा रही है।

भारतीय रोइंग के इतिहास में पहली बार उत्तर प्रदेश को रोइंग (नौकायन) के राष्ट्रीय प्रशिक्षिण शिविर की मेजबानी मिली है। भारतीय महिला रोइंग टीम का राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर 27 मार्च शुक्रवार से गोरखपुर के रामगढ़ताल स्थित वाटर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में शुरू होगा। इस शिविर में देशभर की चुनिंदा महिला रोअर्स हिस्सा ले रही हैं। इनमें वे खिलाड़ी शामिल हैं जिन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का मान बढ़ाया है।

जापान में होने वाले 20वें एशियाई खेल ;आइची.नागोया 2026. की तैयारियों के लिए रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के अनुरोध पर भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के भारतीय खेल प्राधिकरण ;साई. द्वारा संचालित यह प्रशिक्षण शिविर विशेष रूप से आयोजित किया जा रहा है। इस शिविर के लिए उत्तर प्रदेश खेल विभाग भरपूर सहयोग कर रहा है।

रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के उपाध्यक्ष सुधीर शर्मा ;सचिव, यूपी रोइंग एसोसिएशन. ने गुरूवार को बताया कि शिविर के लिए चयनित खिलाड़ियों व प्रशिक्षकों का आगमन गोरखपुर में हो चुका है। शिविर की औपचारिक शुरुआत 27 मार्च को दोपहर तीन बजे की जाएगी। मुख्य अतिथि गोरखपुर विकास प्राधिकरण के सचिव पुष्पराज सिंह होंगे। इस अवसर पर रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव सुभाशीष मुखर्जी भी मौजूद रहेंगे। उन्होंने बताया कि यह पहला अवसर है जब रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया ;आरएफआई. ने उत्तर प्रदेश को राष्ट्रीय टीम के प्रशिक्षण शिविर की मेजबानी के लिए चुना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित