चंडीगढ़ , अक्टूबर 09 -- पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने 27 अक्टूबर से पांच नवंबरतक होने वाली एशियाई हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी के लिए सभी विभागों को विश्वस्तरीय व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी में पंजाब को नये मानक स्थापित करने चाहिए।
मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को तैयारियों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि टूर्नामेंट में भाग लेने वाली टीमों, अधिकारियों, दर्शकों और अन्य आगंतुकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह 27 अक्टूबर को जालंधर में होगा और इसी दिन से मुकाबले शुरू होकर पांच नवंबर तक चलेंगे।
श्री मान ने कहा कि भारत, चीन, मलेशिया, जापान, बांग्लादेश और दक्षिण कोरिया सहित प्रमुखहॉकी देशों की भागीदारी से पंजाब को अपनी खेल विरासत, बुनियादी ढांचे और मेहमाननवाजी प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने जालंधर नगर निगम को शहर में सफाई, स्वच्छता और सौंदर्यीकरण के विशेष अभियान चलाने तथा स्टेडियम तक जाने वाली सड़कों की मरम्मत और जरूरत के अनुसार दोबारा कालीन बिछाने के निर्देश दिए। उन्होंने टीमों और उनके सहयोगी स्टाफ के लिए बेहतर आवास, भोजन, सुरक्षा और परिवहन की व्यवस्था समय रहते पूरी करने को भी कहा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जमीनी स्तर पर तैयारियों की जांच करने और कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूलों और कॉलेजों के विद्यार्थियों को मैच दिखाने की व्यवस्था करने पर जोर देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को खेल, अनुशासन और टीम भावना से जुड़ने के लिए प्रेरित कर सकते हैं।
श्री मान ने टूर्नामेंट के प्रचार के लिए विशेष रूप से तैयार वाहन में ट्रॉफी या उसकी प्रतिकृति केसाथ पूरे पंजाब में यात्रा निकालने की योजना बनाने को भी कहा। उन्होंने आयोजन से जुड़े सरकारी विभागों, आयोजकों और अन्य पक्षों के बीच समन्वय के लिए एक संपर्क समिति गठित करने के निर्देश दिये।
बैठक में मुख्य सचिव के.ए.पी. सिन्हा, अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुराग वर्मा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. रवि भगत, खेल सचिव वरुण रुजम, सूचना एवं जनसंपर्क सचिव पुनीत गोयल औरअन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित