आइची-नागोया (जापान) , अक्टूबर 18 -- पांचवें एशियाई पैरा गेम्स 2026 के उद्घाटन समारोह में यहां रविवार को भारतीय दल ने केवल औपचारिक पोशाक ही नहीं पहनी थी, बल्कि वे 5,000 साल पुरानी सभ्यता को अपने साथ लेकर उतरे थे। इस दौरान भारतीय दल हाथ में तिरंगा लिये हुए थे।
आज यहां पालोमा मिजुहो स्टेडियम में आयोजित समारोह में भारतीय दल ने औपचारिक ब्लेजर पहना हुआ था जो कि हमारी विरासत को सम्मान देता है। इसमें सिंधु घाटी सभ्यता की मुहरों के प्रिंट हैं। कॉलर पर 'सप्तसिंधु' सात पवित्र नदियों की भूमि और महान सरस्वती नदी के प्रवाह को दर्शाती प्राचीन लिपि और प्रतीक चिन्ह अंकित हैं। जेब पर, दिल के ठीक ऊपर, भारत का तिरंगा गर्व से लगा हुआ है।
इन खेलों में भारत का 281 सदस्यीय दल हिस्सा ले रहा है, जिसमें 168 एथलीट (112 पुरुष और 56 महिलाएं) शामिल हैं, जो 11 अलग-अलग खेलों में प्रतिस्पर्धा करेंगे। ये खेल 18 से 24 अक्टूबर तक चलेंगे, जिनमें 45 देशों के लगभग 3,000 एथलीट "इमेजिन वन हार्ट" के आदर्श वाक्य के साथ हिस्सा ले रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित