जालंधर , अक्टूबर 25 -- पंजाब के जालंधर में 27 अक्टूबर से शुरू होने वाली एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी-2026 के लिए स्टेडियम और सुरक्षा सहित सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। हॉकी पंजाब के अध्यक्ष नितिन कोहली, खेल निदेशक अभिजीत कपलिश, उपायुक्त वरजीत वालिया और पुलिस आयुक्त सतिंदर सिंह ने रविवार को संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी दी।
आयोजकों ने बताया कि ओलंपियन सुरजीत हॉकी स्टेडियम को चार महीने के भीतर आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है। प्रतियोगिता में मेजबान भारत सहित एशिया की छह टीमें हिस्सा लेंगी। पंजाब सरकार ने दर्शकों के लिए सभी मैचों में प्रवेश निशुल्क रखने की घोषणा की है। दर्शक टिकटजिनी की वेबसाइट या उसके मोबाइल ऐप पर पंजीकरण करके क्यूआर कोड वाले डिजिटल पास प्राप्त कर सकते हैं।
आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता का पहला मैच 27 अक्टूबर को दोपहर एक बजे शुरू होगा। उद्घाटन समारोह शाम पांच बजे आयोजित किया जाएगा, जबकि भारत और बांग्लादेश के बीच पहला मुकाबला शाम 7.20 बजे खेला जाएगा। उद्घाटन समारोह में आने वाले दर्शकों से शाम चार बजे तक अपनी सीटों पर पहुंचने की अपील की गई है। अन्य मैचों के दर्शकों को निर्धारित समय से 30 से 60 मिनट पहले पहुंचने की सलाह दी गई है।
प्रतियोगिता के सभी 20 मैचों का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स पर और ऑनलाइन प्रसारण जियोहॉटस्टार पर होगा। पुलिस आयुक्त सतिंदर सिंह ने कहा कि दर्शकों की आवाजाही और पार्किंग के लिए व्यवस्था की गई है। स्टेडियम में प्रवेश एचएमवी कॉलेज चौक से डीएवी कॉलेज फ्लाईओवर की ओर वाली सड़क से होगा, जहां से दर्शक बुल्टन पार्क के प्रवेश द्वार तक पहुंच सकेंगे। आयोजकों ने बताया कि स्टेडियम परिसर में भोजन केंद्र, प्रशंसकों के लिए विशेष क्षेत्र और मेले जैसी गतिविधियों की भी व्यवस्था होगी।
अधिकारियों ने पंजाब के लोगों से प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में पहुंचकर अंतरराष्ट्रीय हॉकी मुकाबलों का आनंद लेने कीअपील की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित