नागोया (जापान) , जुलाई 24 -- जापान के आइची-नागोया में सितंबर में होने वाले एशियन गेम्स 2026 में भारतीय पुरुष और महिला हॉकी टीमों को क्रमशः पूल ए और पूल बी में रखा गया है।

आयोजकों ने शुक्रवार को 20वें एशियन गेम्स में दोनों हॉकी टूर्नामेंट के लिए ड्रॉ और पूल के गठन की पुष्टि की। भारतीय पुरुष टीम को पूल ए में मेजबान जापान, दक्षिण कोरिया, बांग्लादेश, श्रीलंका और इंडोनेशिया के साथ रखा गया है।

पूल बी में पाकिस्तान, मलेशिया, पीपल्स रिपब्लिक ऑफ़ चाइना, ओमान, उज़्बेकिस्तान और थाईलैंड शामिल हैं। इस तरह भारत और पाकिस्तान - जो कभी इस खेल का सबसे बड़ा आकर्षण थे और शायद आज भी महाद्वीप का सबसे अहम मुक़ाबला हैं - पूल चरण में एक-दूसरे से अलग रहेंगे।

वहीं, भारतीय महिला हॉकी टीम पूल बी में जापान, थाईलैंड, सिंगापुर, इंडोनेशिया और उज़्बेकिस्तान का सामना करेगी। पूल ए में चीन, दक्षिण कोरिया, मलेशिया, कज़ाकिस्तान, चीनी ताइपे और बंगलादेश शामिल हैं।

जापान में पुरुष और महिला हॉकी खिताब के लिए बारह-बारह टीमें मुक़ाबला करेंगी, जिन्हें छह-छह टीमों के दो पूल में बांटा गया है।

सामान्यत: एशियन गेम्स हॉकी में हर ग्रुप की शीर्ष दो टीमें सेमीफ़ाइनल में पहुँचती हैं, जबकि बाकी टीमें क्लासिफ़िकेशन मैच खेलती हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित