पटना , अक्टूबर 04 -- बिहार विधान सभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने जापान के आइची-नागोया में आयोजित 20वें एशियाई खेल 2026 में भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पदक विजेताओं समेत पूरे भारतीय दल को बधाई दी है।
डॉ. कुमार ने रविवार को जारी बयान में कहा कि भारतीय खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन और अदम्य आत्मविश्वास का परिचय देते हुए कुल 85 पदक हासिल कर पदक तालिका में चौथा स्थान प्राप्त किया है। इसमें 21 स्वर्ण, 27 रजत और 37 कांस्य पदक शामिल हैं। भारतीय खिलाड़ियों की यह उपलब्धि देश में खेलों के प्रति बढ़ते उत्साह और विकसित हो रही नई खेल संस्कृति का परिचायक है।
विधान सभा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की प्रभावी खेल नीति, खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने, खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने की दिशा में किये जा रहे निरंतर प्रयासों का सकारात्मक परिणाम भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन में दिखाई दे रहा है।
उन्होंने कहा कि देश में खेलों के लिए बेहतर वातावरण तैयार होने से युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के नये अवसर मिल रहे हैं। एशियाई खेलों में भारतीय खिलाड़ियों की यह सफलता युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है और भारत को खेल महाशक्ति बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित