अमृतसर , अक्टूबर 25 -- एशियाई खेलों में भारतीय महिला और पुरुष हॉकी टीमों की जीत के लिए गुरु साहिब काआभार जताने के उद्देश्य से हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह रविवार को सचखंड श्री हरमंदिर साहिब में नतमस्तक हुए। उन्होंने दोनों टीमों की सफलता के लिए शुक्राना किया और भविष्य में भी भारतीय हॉकी टीमों की कामयाबी, नई उपलब्धियों तथा देश का नाम रोशन करने के लिए अरदास की।

भोलानाथ सिंह ने कहा कि भारतीय हॉकी खिलाड़ियों की मेहनत, लगन, अनुशासन और टीम भावना उनकी सफलता के प्रमुख आधार हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी शानदार प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ाते रहेंगे।

इस अवसर पर श्री दरबार साहिब के सूचना केंद्र में भोलानाथ सिंह को हरमंदिर साहिब का मॉडल और पुस्तकों का सेट देकर सम्मानित किया गया।

इस मौके पर प्रबंधक राजिंदर सिंह रूबी अटारी, अतिरिक्त प्रबंधक हरविंदर सिंह, सूचना अधिकारी अमृतपाल सिंह, सहायक सूचना अधिकारी जतिंदर सिंह, राकेश भाटिया, कोच गुरबख्शीश सिंह, कुलजीत सिंह भंमरा, प्रभजोत सिंह, परमजीत सिंह और खिलाड़ी जसकरण सिंह सहित अन्य लोग मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित