आइची-नागोया , सितंबर 26 -- भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाडी पीवी सिंधु और उन्नति हुड्डा ने शनिवार को एशियाई खेलों में महिला एकल के अगले दौर में जगह बना ली है। वहीं पुरुष वर्ग में लक्ष्य सेन सिंगापुर के लोह कीन यू से हार के बाद बाहर हो गये।

आज यहां खेले गये महिला एकल के मुकाबले में पीवी सिंधु ने महिला एकल के अपने पहले मैच में चीनी ताइपे की चिउ पिन-चियन को सीधे गेम में 21-19, 21-14 से हराया।

सिंधु को मैच में लय पकड़ने में उन्हें थोड़ा समय लगा, लेकिन एक बार लय में आने के बाद उन्होंने पहले गेम के स्कोर से कहीं बेहतर खेल दिखाया।

अगला मुकाबला मुश्किल है और यह आज ही खेला जाना है, इसलिए उन्हें अपनी रिकवरी का ध्यान रखना होगा। उनका मुकाबला जापान की वर्ल्ड नंबर 7 टोमोका मियाज़ाकी से होगा।

इससे पहले उन्नति हुड्डा ने दूसरे राउंड में वोंग लिंग चिंग को हराकर प्री क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। दूसरे दौर के मुकाबले में उन्नति हुड्डा ने वोंग लिंग चिंग को 2-1 (21-14, 20-22, 21-19) से हराकर महिला एकल के प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। अगले राउंड में हुड्डा का मुकाबला इंडोनेशिया की पुत्री कुसुमा वरदानी से होगा। मलेशिया की वोंग लिंग चिंग ने दूसरे गेम में 22-20 से करीबी जीत हासिल करके मैच को निर्णायक गेम तक पहुंचाया। दुनिया में 38वें नंबर की खिलाड़ी वोंग ने बेहतर रैंकिंग वाली उन्नति को कड़ी टक्कर दी। उन्नति ने इंटरवल तक अच्छी बढ़त बना ली थी, लेकिन साइड बदलने के बाद उनके खेल पर असर पड़ा।

वोंग ने 17-16 से बढ़त बनाई, लेकिन उन्नति ने ज़बरदस्त वापसी करते हुए 20-18 पर दो मैच-पॉइंट हासिल किए। वोंग ने एक मैच-पॉइंट तो बचाया, लेकिन क्रॉस-कोर्ट शॉट बाहर मार बैठीं, जिससे उन्नति को करीबी जीत मिल गई।

वहीं पुरुष एकल के दूसरे राउंड में सिंगापुर के पूर्व वर्ल्ड चैंपियन लोह कीन यू ने लक्ष्य सेन को 21-12, 15-21, 21-14 से हराया। 65 मिनट तक चले इस मुकाबले में सेन ने खराब शुरुआत के बाद वापसी की और मैच को निर्णायक गेम तक ले गए, लेकिन लोह ने तीसरे गेम के आखिर में अहम पॉइंट जीतकर प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।

सेन ने पहले गेम में शानदार शुरुआत करते हुए 5-1 की बढ़त बनाई, लेकिन लोह के लगातार 11 पॉइंट लेने से यह बढ़त जल्दी ही खत्म हो गई। सिंगापुर के खिलाड़ी ने रैलियों पर अपना दबदबा बनाया और गेम 21-12 से जीत लिया। भारतीय खिलाड़ी ने दूसरे गेम में शानदार वापसी की। शुरुआती दौर में मुकाबले में बने रहने के बाद उन्होंने अपने आक्रामक खेल को और बेहतर किया। सेन ने गेम के आखिर में बढ़त बनाई और 21-15 से जीत हासिल कर मैच को निर्णायक गेम तक पहुंचा दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित