लखनऊ , अक्टूबर 22 -- एशियन पैरा गेम्स-2026 में तीरंदाजी की महिला डब्ल्यू-1 स्पर्धा में रजत पदक जीतने वाली उत्तर प्रदेश की स्वाति चौधरी को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बधाई दी है।

मुख्यमंत्री ने उनकी उपलब्धि पर गर्व जताते हुए कहा कि स्वाति की सफलता भारत के अनगिनत युवाओं को अपने सपने साकार करने के लिए प्रेरित करेगी। मुख्यमंत्री ने एक्स पर पोस्ट कर स्वाति चौधरी को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि स्वाति की उपलब्धि प्रदेश के लिए गौरव का विषय है।

योगी सरकार प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को निखारने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दे रही है। इसके तहत प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाओं, आर्थिक सहायता, पुरस्कार और सरकारी नौकरी के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में कदम उठाए गए हैं।

प्रदेश के सभी 75 जिलों में एक जनपद-एक खेल योजना के तहत खेलो इंडिया सेंटर स्वीकृत किए गए हैं। इन केंद्रों के माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं को प्रशिक्षण और खेल सामग्री उपलब्ध कराने की व्यवस्था है। इसके अलावा लखनऊ, गोरखपुर, सैफई, फतेहपुर और सहारनपुर में पांच स्पोर्ट्स कॉलेज संचालित हैं, जहां 14 खेलों में प्रशिक्षण के साथ निःशुल्क आवास, भोजन और शिक्षा की सुविधा दी जाती है। मेरठ में मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय की स्थापना भी खेल शिक्षा और उच्चस्तरीय प्रशिक्षण को बढ़ावा देने की पहल है।

सरकार ने ओलंपिक में व्यक्तिगत स्वर्ण पदक जीतने पर छह करोड़, रजत पर चार करोड़ और कांस्य पदक पर दो करोड़ रुपये देने का प्रावधान किया है। उत्कृष्ट खिलाड़ियों को लक्ष्मण और रानी लक्ष्मीबाई पुरस्कारों से सम्मानित किया जाता है। खेल नीति-2023 के तहत प्रतिभाओं की पहचान, प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। स्वाति चौधरी की सफलता प्रदेश के युवा और दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित