भोपाल , अक्टूबर 20 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एशियन पैरा गेम्स-2026 में पदक जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का गौरव बढ़ाया है।

मुख्यमंत्री ने पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल एसएच-1 स्पर्धा में मनीष नरवाल और पैरा पावरलिफ्टिंग के 65 किलोग्राम वर्ग में अशोक जी को रजत पदक जीतने पर बधाई दी। पुरुषों की जैवलिन थ्रो एफ53/54 स्पर्धा में प्रदीप कुमार ने रजत और आयुष वर्मा ने कांस्य पदक हासिल किया।

महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल एसएच-1 स्पर्धा में सृष्टि अरोरा तथा पैरा टेबल टेनिस की विभिन्न वर्गों की एकल स्पर्धाओं में प्राची पांडे, बेबी सहाना रवि, सोनलबैन पटेल और भाविना पटेल को कांस्य पदक जीतने पर मुख्यमंत्री ने शुभकामनाएं दीं।

पुरुषों की पैरा टेबल टेनिस एकल क्लास-1 स्पर्धा में जेहान दोराब जी, शॉट पुट एफ11 में प्रवीण शर्मा और 100 मीटर फ्रीस्टाइल एस11 तैराकी में हिमांशु नंडल को कांस्य पदक जीतने पर भी बधाई दी गई।

डॉ. यादव ने कहा कि खिलाड़ियों का अटूट हौसला, जुनून और कड़ा परिश्रम करोड़ों युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य और सफलता के नए आयाम स्थापित करने की कामना की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित