रांची , अक्टूबर 07 -- जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में भारतीय हॉकी टीमों के ऐतिहासिक प्रदर्शन के बाद हॉकी इंडिया के महासचिव एवं भोलानाथ सिंह आज झारखंड की राजधानी रांची पहुंचे।
बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर हॉकी झारखंड के पदाधिकारियों एवं खेलप्रेमियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
एशियन गेम्स में भारतीय महिला हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 44 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद स्वर्ण पदक हासिल किया और लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक के लिए सीधे क्वालीफाई किया। वहीं भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने भी स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। पुरुष टीम ने एशियन गेम्स में लगातार दूसरी बार स्वर्ण पदक अपने नाम किया, जो भारतीय पुरुष हॉकी के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।
एशियन गेम्स के इतिहास में यह भी विशेष उपलब्धि रही कि भारतीय महिला और पुरुष हॉकी टीमों ने एक ही संस्करण में एक साथ स्वर्ण पदक हासिल किया।
इन ऐतिहासिक उपलब्धियों के दौरान हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह लगभग 15 दिनों तक जापान में टीमों के साथ मौजूद रहे और खिलाड़ियों का लगातार उत्साहवर्धन करते रहे। उन्होंने टीम प्रबंधन एवं खिलाड़ियों के साथ रहकर भारतीय हॉकी टीमों का मनोबल बढ़ाया।
भारतीय टीमों की स्वदेश वापसी के बाद आज उनके भी रांची लौटने पर बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर हॉकी झारखंड की ओर से उनका भव्य स्वागत किया गया।
इस अवसर पर झारखंड की प्रथम महिला अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी सावित्री पूर्ति, हॉकी झारखंड के महासचिव मनोज कोनबेगी, कोषाध्यक्ष असृता लकड़ा, डायरेक्टर जनरल विजय शंकर सिंह, सहायक सचिव दुलारी टोपनो, झारखंड राज्य कुश्ती संघ के महासचिव रजनीश कुमार, हॉकी रांची के अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह, कोषाध्यक्ष प्रमोद कुमार सहित कई खेलप्रेमी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित