कोलकाता , जुलाई 08 -- प्रवर्तन निदेशालय (ईडी ने एविएशन सेक्टर में काम करने वाली केयरवेल ग्रुप की कंपनियों से जुड़े कथित वित्तीय लेन-देन के धन शोधन मामले की जांच के तहत एक निजी बैंक में तृणमूल कांग्रेस के तीन खातों में जमा 440.42 करोड़ रुपये की राशि को फ्रीज कर दिया है।
यह कार्रवाई धन शोधन रोकथाम अधिनियम(पीएमएलए)-2002 के प्रावधानों के तहत कोलकाता और उसके आसपास पांच जगहों पर की गयी तलाशी के बाद की गयी। तलाश अभियान में केयरवेल ग्रुप से जुड़े ऑफिस और अन्य जगहों को शामिल किया गया, क्योंकि एजेंसी तृणमूल कांग्रेस बैंक खातों के जरिए भेजे गये फंड से जुड़ी कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच कर रही थी।
ईडी के अनुसार यह जांच बिधाननगर के साइबर पुलिस थाने में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर शुरू की गयी थी, जिसमें बेईमानी से वित्तीय लेन-देन, गैर-कानूनी तरीके से पैसे इकट्ठा करने और राजनीतिक पार्टी के कुछ बैंक खातों के जरिए संदिग्ध फंड को इधर-उधर करने का आरोप लगाया गया था।
ईडी ने पीएमएलए की धारा 17(1ए) के तहत कार्रवाई करते हुए तीन बैंक खातों में जमा 440.42 करोड़ रुपये को फ्रीज करने का निर्देश दिया।
ईडी ने दावा किया कि अब तक की जांच से पता चला है कि अप्रैल 2023 और जून 2026 के बीच तृणमूल कांग्रेस के बैंक खातों से केयरवेल एविएशन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड और उससे जुड़ी कंपनियों को लगभग 160 करोड़ रुपये हस्तांतरण किये गये थे। इसके बाद इस फंड को दूसरी संबंधित कंपनियों के जरिए वित्तीय लेन-देन की एक श्रृंखला के तहत भेजा गया, जिनकी अब जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित