जांजगीर-चांपा , मई 28 -- छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले की बेटी अमिता श्रीवास ने दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा फहराकर प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पर्वतारोही अमिता ने 22 मई को करीब 8,848 मीटर की ऊंचाई पर पहुंचकर यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। उनका यह सफर हालांकि बेहद कठिन और भावनात्मक रहा। अभियान के दौरान उनके साथ गए दो साथियों की मौत हो गई, जबकि वापसी के दौरान ऑक्सीजन की कमी के कारण अमिता की तबीयत भी बिगड़ गई। फिलहाल उनका इलाज काठमांडू के एक अस्पताल में जारी है।
मीडिया से बातचीत के दौरान अमिता अपनी यात्रा को याद करते हुए भावुक हो गईं। उन्होंने कहा, "40 दिनों तक सभी ने साथ वक्त बिताया, साथ में ही उठते-बैठते और खाते-पीते थे। अचानक मौसम खराब हो गया और दोनों साथियों की मेरे सामने मौत हो गई। दोनों को दम तोड़ते देखकर मेरी रूप कांप गई। ये कभी ना भूलने वाला पल है।"अमिता ने बताया कि पर्वतारोहण जैसे महंगे खेल में आर्थिक रूप से कमजोर परिवार की बेटी के लिए आगे बढ़ना आसान नहीं था। उन्होंने कहा कि उनके पिता पहले सैलून की दुकान चलाते थे। परिवार की आर्थिक स्थिति सीमित होने के बावजूद उन्होंने अपने सपनों को नहीं छोड़ा। एक भाई रायपुर में नौकरी करता है, जबकि दूसरा वेल्डिंग का काम करता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित