मुंबई , फरवरी 13 -- गैर बैंकिंग वित्तीय कारोबार करने वाली प्रमुख कंपनी एल एंड टी फाइनेंस लिमिटेड ने गोल्ड लोन के अपने नये कारोबार (सोना रख कर ऋण देने के कारोबार) में शामिल शाखाओं को एक माह के अंदर दो गुना करने तथा इसे 260 से ज़्यादा शाखाओं तक पहुंचाने की शुक्रवार को घोषणा की।

कंपनी ने जून 2025 में एक अधिग्रहण सौदे के तहत गोल्ड लोन कारोबार में प्रवेश किया था और एक साल से भी कम समय में इस माह के शुरू में उसने अपनी 130वीं गोल्ड लोन शाख शुरू करने की घोषणा की थी। उसके बाद इसमें और 130 से ज़्यादा नयी शाखाएं जोड़े जाने की आज घोषणा की। एल एंड टी फाइनेंस की यह घोषणा देश में इस कारोबार के विस्तार की एक झलक देता है।

कंपनी की एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि देश के सभी क्षेत्रों में स्वर्ण पर ऋण की मांग पूरा करने के लिए वह भौगौलिक स्तर पर अपना विस्तार कर रही है। कंपनी का यह कारोबार थोड़े ही समय में 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों तक फैल चुका है जिसमें पूर्वोत्तर में असम से दक्षिण में कर्नाटक, तेलंगाना, पश्चिम में महाराष्ट्र, पूरब में ओडिशा और पश्चिम बंगाल, तथा हिमाचल प्रदेश और उत्तर पश्चिम में राजस्थान जैसे क्षेत्र शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित