फर्रुखाबाद , जून 3 -- पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक (एडीआरएम) मनोज कुमार ने कहा है कि कानपुर अनवरगंज-मंधना खंड पर प्रस्तावित एलिवेटेड रेलवे ट्रैक निर्माण के दौरान कालिंदी एक्सप्रेस का संचालन फर्रुखाबाद तक नहीं होगा।

श्री कुमार ने बुधवार को फर्रुखाबाद जंक्शन स्टेशन पर पत्रकारों से बातचीत में बताया कि मंधना जंक्शन और कानपुर अनवरगंज के मध्य एलिवेटेड रेलवे ट्रैक निर्माण परियोजना को पूरा होने में लगभग चार वर्ष का समय लग सकता है। इस दौरान 14117/14118 कालिंदी एक्सप्रेस का संचालन टूंडला, शिकोहाबाद और कानपुर मार्ग से प्रयागराज तक किया जाएगा तथा यह फर्रुखाबाद नहीं आएगी।

उन्होंने बताया कि वह विशेष ट्रेन से मंधना जंक्शन पर एलिवेटेड ट्रैक परियोजना की तैयारियों का निरीक्षण करने के बाद फर्रुखाबाद पहुंचे थे। यहां उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया। एडीआरएम ने कहा कि फर्रुखाबाद जंक्शन को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित किया जा रहा है। लगभग 21 करोड़ रुपये की लागत से संचालित परियोजना के तहत निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की समीक्षा की गई है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि रेलवे ठेकेदारों के साथ शीघ्र बैठक कर निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाएगी और सभी कार्य दिसंबर 2026 तक पूर्ण कर लिए जाएंगे।

कालिंदी एक्सप्रेस को फर्रुखाबाद तक संचालित रखने की मांग के संबंध में पूछे गए प्रश्न पर उन्होंने कहा कि फर्रुखाबाद और कन्नौज क्षेत्र के यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए इस विषय पर उच्च अधिकारियों के स्तर पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

उन्होंने एक अन्य प्रश्न के उत्तर में कहा कि फर्रुखाबाद-दिल्ली के बीच रेल सेवाओं के विस्तार के लिए स्टेशन पर पिट लाइन की आवश्यकता है। साथ ही प्लेटफार्मों के विस्तार के संबंध में भी विचार किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान स्टेशन प्रबंधन, रेलवे अधिकारियों एवं कर्मचारियों के अलावा रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) तथा राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के अधिकारी और जवान मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित