बिलासपुर , सितंबर 07 -- छत्तीसगढ़ के उत्तरी क्षेत्र की हवाई कनेक्टिविटी में बदलाव करते हुए एलायंस एयर ने बिलासपुर-अंबिकापुर-कोलकाता कनेक्टिंग/स्टॉपओवर सेवा बंद कर दी है। अब विमान कोलकाता-बिलासपुर-कोलकाता के बीच सीधे संचालित होगा। इस बीच क्षेत्रीय विमानन कंपनी फ्लाई 91 द्वारा 40 नए एटीआर-72-600 विमानों के ऑर्डर के बाद बिलासपुर से नई हवाई सेवाएं शुरू होने की उम्मीद भी बढ़ी है।

एलायंस एयर ने समर शेड्यूल में बिलासपुर-कोलकाता उड़ान को अंबिकापुर से जोड़ते हुए दो अप्रैल से नई व्यवस्था शुरू की थी। गुरुवार और शनिवार को विमान कोलकाता से बिलासपुर पहुंचने के बाद अंबिकापुर जाता था और वहां से कोलकाता के लिए उड़ान भरता था।

दरिमा एयरपोर्ट से अपेक्षित यात्री नहीं मिलने के कारण अंबिकापुर स्टॉप को अब हटा दिया गया है। उद्घाटन उड़ान में भी अंबिकापुर से कोलकाता के लिए महज तीन यात्री मिले थे। इसके बाद कई सप्ताह तक यात्रियों की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी नहीं हुई।

अंबिकापुर स्टॉप बंद होने के बावजूद बिलासपुर-कोलकाता के बीच सीधी हवाई सेवा जारी रहेगी। निर्धारित शेड्यूल के मुताबिक उड़ान गुरुवार और शनिवार को संचालित होगी। इससे बिलासपुर से कोलकाता जाने वाले यात्रियों का यात्रा समय भी कम होगा।

दूसरी ओर फ्लाई 91 ने अपने क्षेत्रीय नेटवर्क के विस्तार के लिए करीब एक अरब डॉलर यानी लगभग 9,500 करोड़ रुपये की लागत से 40 नए एटीआर-72-600 विमानों का ऑर्डर दिया है। कंपनी के पास फिलहाल छह विमान हैं और अगले पांच वर्षों में बेड़े को 60 से अधिक विमानों तक पहुंचाने का लक्ष्य है। नए विमानों की डिलीवरी 2027 के अंत से शुरू होकर 2032 तक चलने की संभावना है।

मार्च 2024 में परिचालन शुरू करने वाली फ्लाई 91 का प्राथमिक बेस गोवा और हैदराबाद में है। कंपनी के संस्थापक और सीईओ मनोज चाको हैं। कंपनी बिलासपुर से भी हवाई सेवा शुरू करने में रुचि दिखा चुकी है। हैदराबाद में बेस होने के कारण हैदराबाद-बिलासपुर-हैदराबाद उड़ान शुरू होने की संभावना जताई जा रही है। इस मार्ग पर पूर्व में एलायंस एयर ने ट्रायल विमान चलाया था और बुकिंग शुरू होने के बाद सीटें पूरी तरह भर गई थीं। हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति के सदस्य भी फ्लाई 91 के संपर्क में हैं।

इस बीच बिलासपुर से हवाई यात्रियों की मजबूत मांग भी बनी हुई है। रविवार को बिलासपुर से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट पूरी तरह हाउसफुल रही। हवाई यात्राओं को लेकर चल रही चर्चाओं और पूर्व में हुई दुर्घटनाओं की खबरों के बावजूद दिल्ली उड़ान में यात्रियों की पूरी संख्या को बिलासपुर और आसपास के क्षेत्रों से प्रमुख महानगरों के लिए बढ़ती हवाई मांग के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

बिलासपुर में हवाई सुविधाओं के पूर्ण विस्तार और नई उड़ानों की मांग को लेकर हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति का अखंड महाधरना भी जारी है। रविवार को धरना स्थल पर रवि बनर्जी, ऋषि राज गौतम, विभूति भूषण गौतम, संतोष पीपलवा, बद्री यादव, देवेंद्र सिंह ठाकुर, परसराम कैवर्त, हर प्रसाद कैवर्त, बद्री प्रसाद, गोपी राव, मनोज तिवारी, शिरीष कश्यप, महेश दुबे टाटा, प्रतीक तिवारी, मजहर खान, अमर बजाज, शेर असलम, वकील अली और सुदीप श्रीवास्तव उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित