फगवाड़ा , सितंबर 28 -- पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने सोमवार को कहा कि लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) के बाहर रविवार रात हुई हिंसा के मामले की पुलिस वैज्ञानिक और तकनीकी तरीके से व्यापक जांच कर रही है।

उन्होंने कहा कि हिंसा में शामिल लोगों की पहचान के लिए वीडियो फुटेज, सीसीटीवी रिकॉर्डिंग और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई होगी। स्थिति का जायजा लेने फगवाड़ा पहुंचे श्री यादव ने कहा कि पुलिस ने छात्रों और विश्वविद्यालय प्रबंधन के बीच संवाद कराकर उनके मुद्दों का शांतिपूर्ण समाधान निकालने के प्रयास किए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस को छात्रों के खिलाफ बल प्रयोग नहीं करने और अधिकतम संयम बरतने के स्पष्ट निर्देश दिए गए थे। छात्रों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है।

श्री यादव ने कहा कि रविवार को पुलिस ने छात्रों के प्रतिनिधियों और विश्वविद्यालय प्रशासन के बीच कई दौर की बैठकें कराईं, ताकि आंतरिक मुद्दों का समाधान बातचीत के जरिए किया जा सके। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी छात्रों, स्थानीय निवासियों और अन्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने बताया कि मामले की विस्तृत जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया गया है। जांच के बाद जो भी व्यक्ति हिंसा के लिए जिम्मेदार पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया पर अपुष्ट वीडियो, ऑडियो क्लिप या भ्रामक सामग्री प्रसारित नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोग केवल आधिकारिक और सत्यापित स्रोतों से प्राप्त जानकारी पर भरोसा करें। जानबूझकर भ्रामक या झूठी सामग्री फैलाने वालों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस महानिदेशक ने कहा कि विश्वविद्यालय और उसके आसपास की स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। उन्होंने बताया कि रविवार और सोमवार की दरमियानी रात घटना की सूचना मिलते ही जालंधर रेंज के डीआईजी नवीन सिंगला और कपूरथला के एसएसपी गौरव तूरा पर्याप्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए तत्काल कदम उठाए। उन्होंने कहा कि पुलिस स्थिति पर लगातार नजर रख रही है और क्षेत्र में शांति, सुरक्षा तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित