फगवाड़ा , अक्टूबर 05 -- लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) परिसर में हालिया हिंसा के बाद सोमवार को शैक्षणिक गतिविधियां धीरे-धीरे पटरी पर लौटने लगीं तथा विभिन्न विभागों के शिक्षकों ने काम संभाल लिया और संशोधित कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों की ऑनलाइन कक्षाएं शुरू हो गयी है।
विश्वविद्यालय के अनुसार ऑनलाइन कक्षाएं पांच से सात अक्टूबर तक चलेंगी। आठ और नौ अक्टूबर को ऑनलाइन तथा ऑफलाइन माध्यम से शंकाओं के समाधान के लिए कक्षाएं होंगी। ऑफलाइन मध्यावधि परीक्षाएं 12 से 17 अक्टूबर तक निर्धारित हैं, जबकि नियमित ऑफलाइन कक्षाएं 19 अक्टूबर से शुरू होने की संभावना है। विद्यार्थियों को परीक्षाओं को देखते हुए 10 अक्टूबर से परिसर लौटने की सलाह दी गयी है।
इस बीच, हिंसा से जुड़े मामलों में गिरफ्तार तीन आरोपियों को सोमवार को अदालत में पेश किया गया। इनमें आशुतोष और अंतरिक्ष दत्ता को अतिरिक्त सिविल जज (सीनियर डिवीजन) सुप्रीत कौर की अदालत ने 19 अक्टूबर तक कपूरथला जेल में न्यायिक हिरासत में भेज दिया। वहीं एलपीयू छात्र साहिल कुमार को जेएमआईसी हर्षबीर संधू की अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे भी 19 अक्टूबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस मामले की जांच जारी रखे हुए है। सोमवार को परिसर में स्थिति शांतिपूर्ण रही और विश्वविद्यालय ने छात्रों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए संशोधित शैक्षणिक कार्यक्रम के अनुसार गतिविधियां शुरू कर दीं हालांकि परिसर और आसपास सुरक्षा के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित