फगवाड़ा , सितंबर 27 -- पंजाब शिवसेना (यूबीटी) के प्रेस सचिव कमल सरोज ने रविवार को लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) में छात्रों के प्रदर्शन और फगवाड़ा-जालंधर राजमार्ग पर हुए विरोध को लेकर पंजाब सरकार और पुलिस से निष्पक्ष एवं व्यापक जांच की मांग की है।

श्री सरोज ने कहा कि मौजूदा घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच के साथ विश्वविद्यालय से जुड़े पूर्व के उन मामलों की भी आधिकारिक रिकॉर्ड और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर समीक्षा की जानी चाहिए, जिनमें छात्रों के लापता होने या मौत से संबंधित सवाल उठाये गये थे। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ मामलों में परिवारों पर कथित दबाव बनाये जाने तथा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी किये बिना शव सौंपे जाने को लेकर भी सवाल उठे थे। उन्होंने कहा कि यदि जांच में ऐसी किसी घटना की पुष्टि होती है तो जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि परिवार से दूर रहकर पढ़ने वाले छात्रों की सुरक्षा शिक्षण संस्थान की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। यदि जांच में विश्वविद्यालय प्रबंधन या किसी अन्य व्यक्ति की लापरवाही अथवा संलिप्तता सामने आती है तो कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए।

उन्होंने एलपीयू परिसर और आसपास कथित मादक पदार्थों की बिक्री तथा अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के आरोपों की भी जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि जीटी रोड और आसपास के क्षेत्रों में देर रात तक शराब परोसे जाने तथा अन्य गतिविधियों को लेकर स्थानीय लोगों की ओर से भी कथित तौर पर चिंताएं जताई गयी हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन आरोपों को जांच पूरी होने तक स्थापित तथ्य नहीं माना जाना चाहिए।

शिवसेना यूबीटी नेता ने कहा कि संगठन पहले भी छात्र सुरक्षा और विश्वविद्यालय के आसपास कथित अवैध गतिविधियों के मुद्दे उठा चुका है। उन्होंने प्रशासन से यह भी स्पष्ट करने की मांग की कि पूर्व में मिली शिकायतों और ज्ञापनों पर क्या कार्रवाई की गयी। छात्रों के प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए सरोज ने कहा कि सरकार को छात्रों की चिंताओं को गंभीरता से सुनना चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि मौजूदा जांच किसी बाहरी दबाव के बिना हो। उन्होंने विश्वविद्यालय से जुड़े पुराने मामलों की रिकॉर्ड आधारित समीक्षा और ताजा घटनाक्रम की विस्तृत जांच की मांग करते हुए कहा कि जहां भी जांच में लापरवाही या गलत काम साबित हो, वहां कानून के अनुसार जवाबदेही तय की जानी चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित