नयी दिल्ली , सितंबर 28 -- भारतीय युवा कांग्रेस ने पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में यौन उत्पीड़न के आरोपों के बाद हुई हिंसा, तोड़फोड़ और पुलिस से झड़पों पर चिंता जतायी है।
संगठन ने पंजाब सरकार से निष्पक्ष और समयबद्ध जांच सुनिश्चित करने की मांग की।
युवा कांग्रेस ने कहा कि मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है और जांच के लिए विशेष जांच दल गठित किया गया है। पुलिस द्वारा सीसीटीवी फुटेज, फॉरेंसिक साक्ष्य और फोन डेटा की जांच की जायेगी, जबकि विश्वविद्यालय ने कथित घटना से इनकार किया है।
संगठन ने कहा कि परस्पर विरोधी दावों के बीच छात्रों की सुरक्षा और शिकायतों की निष्पक्ष जांच जरूरी है। युवा कांग्रेस ने छात्रों और उनके परिवारों की मदद के लिए स्पेशल डेस्क शुरू किया है, जिसके माध्यम से आवास, कानूनी, यात्रा और चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की बात कही गयी है।
युवा कांग्रेस ने हिंसा और आगजनी की निंदा करते हुए महिला छात्रावासों की सुरक्षा व्यवस्था और संस्थागत जवाबदेही की जांच की मांग की। विश्वविद्यालय ने 28 सितंबर से 10 दिनों के लिए कक्षाएं और मिड-टर्म परीक्षाएं स्थगित की हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित