पौड़ी गढ़वाल,30मार्च(वार्ता) उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जनपद में एलपीजी गैस आपूर्ति व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने सख़्ती तेज कर दी है। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में पूर्ति विभाग और प्रशासन की संयुक्त टीमों ने सोमवार को जनपदभर में औचक निरीक्षण अभियान चलाया।

अभियान के तहत गैस गोदामों, पेट्रोल पंपों और विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सघन जांच की गई। कुल 112 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया, जिनमें 7 गैस गोदाम, 2 पेट्रोल पंप और 103 व्यावसायिक प्रतिष्ठान शामिल हैं। निरीक्षण के दौरान अनियमितता मिलने पर दो मामलों में चालान की कार्रवाई की गई।

कोटद्वार क्षेत्र में एक गैस गोदाम और छह प्रतिष्ठानों की जांच की गई, जबकि दुगड्डा में चार प्रतिष्ठानों का निरीक्षण हुआ। कोट-खोलाचौरी में 12, चेलूसैंण में 4 और पाबौ में 15 प्रतिष्ठानों की जांच के दौरान घरेलू सिलेंडरों के दुरुपयोग पर 2300 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

इसी प्रकार लैंसडाउन में चार, धुमाकोट में पांच और नौगांवखाल में दस प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। लक्ष्मणझूला में एक गैस गोदाम, थलीसैंण में एक गैस गोदाम और एक पेट्रोल पंप तथा उफरैंखाल में एक गैस गोदाम और चार प्रतिष्ठानों की जांच की गई। चाकीसैंण क्षेत्र में एक पेट्रोल पंप सहित 12 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया, जबकि पौड़ी में 15 प्रतिष्ठानों की जांच के दौरान एक मामले में 2300 रुपये का जुर्माना लगाया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित