नई दिल्ली , जुलाई 31 -- ब्रांडेड चावल और रेडी टू ईट जैसे रोजमर्रा के अन्य खाद्य उत्पादों का कारोबार करने वाली कंपनी एलटी फूड्स ने निर्यात बाजार में चुनौतियों के बावजूद चालू वित्त वर्ष में 30 जून, 2026 को समाप्त पहली तिमाही में 3161 करोड़ रुपये का समेकित राजस्व दर्ज कर किया है जो सालाना आधार पर 26 प्रतिशत और तिमाही दर तिमाही आधार पर 7.6 प्रतिशत अधिक बताया गया है।

कंपनी के शुक्रवार को जारी तिमाही परिणामों के अनुसार पहली तिमाही में उसका परिचालन लाभ सालाना आधार पर 20 प्रतिशत बढ़ कर 363 करोड़ रुपये रहा । इस तिमाही में उसका शुद्ध लाभ 183 करोड़ रुपये रहा जो वार्षिक आधार पर 9 प्रतिशत और पिछली तिमाही के आधार पर 35.5 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है।

कंपनी ने पिछले वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 2,501 करोड़ रुपये और चौथी तिमाही में 2,938 करोड़ रुपये का राजस्व दर्ज किया था। पिछले वित्त वर्ष की पहली तिमाही में कंपनी का परिचालन लाभ 302 करोड़ और शुद्ध लाभ 169 करोड़ रुपये था। पिछले वित्त वर्ष की अंतिम तिमाही में कंपनी के परिचालन और शुद्ध लाभ के आंकड़े क्रमश: 300 करोड़ रुपये और 136 करोड़ रुपये थे।

दावत और रॉयल ब्रांड चावल का कारोबार करने वाली एलटी फूड्स के प्रबंध निदेशक (एमडी) एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) अश्विनी अरोड़ा ने कहा, " मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि ईरान से जुड़े हालिया भू-राजनीतिक तनावों का कंपनी के कारोबार पर कोई महत्वपूर्ण प्रभाव नहीं पड़ा है। हमारे विविध स्रोतों से खरीद , चुस्त आपूर्ति श्रृंखला और भौगोलिक रूप से संतुलित परिचालन के कारण पूरे समय हमारे व्यवसाय की निरंतरता बिना किसी बाधा के बनी रही।"उन्होंने आगे कहा: "बासमती एवं अन्य विशेष चावल हमारे व्यवसाय की सबसे महत्वपूर्ण श्रेणी बनी हुई है। इस श्रेणी का राजस्व साल-दर-साल 34 प्रतिशत बढ़कर 2,845 करोड़ रुपयक रहा । रेडी-टू-ईट और रेडी-टू-कुक श्रेणी का राजस्व पहली तिमाही में 53 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वर्ष की तुलना में 13 प्रतिशत अधिक है। "कंपनी ने कहा कि देश अंदर के उसके कारोबार में मूल्य के आधार पर 23 प्रतिशत और मात्रा के आधार पर 12 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। कंपनी ने बताया है कि उत्तर अमेरिका उसके लिए सबसे महत्वपूर्ण बाजार बना हुआ है जहां उसके निर्यात में 49 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई । विज्ञप्ति में कहा गया है कि उसके रॉयल-60 प्रतिशत उत्तर अमेरिकी बाजारों में अपनी अग्रणी स्थिति बनाए हुए है, जबकि गोल्डेन स्टार अमेरिका का नंबर-1 जैस्मिन राइस ब्रांड बना हुआ है।

कंपनी ने अमेरिका के टेक्सास प्रांत के मिसौरी सिटी में 1,56,000 वर्ग फुट के नए वितरण केंद्र का शिलान्यास किया है, जिसके जनवरी 2027 तक पूरा होने की उम्मीद है। अमेरिका में भारतीय उत्पादों पर ऊंचे शुल्क की चुनौतियों से उत्पन्न उतार-चढ़ाव और मूल्य समायोजन के बावजूद कंपनी अपनी अग्रणी स्थिति बनाये हुए है।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि एलटी फूड्स "यूरोप और ब्रिटेन में अभी निवेश के चरण में है। कंपनी ने जून महीने में ओमान के कुछ प्रमुख आधुनिक रिटेल स्टोर में अपने ब्रांडेड चावल पेश किए। प्रशांत क्षेत्र, इंडोनेशिया और एशिया (मुख्य भूमि के देश) उसकी वृद्धि के प्रमुख केंद्र हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित