पटना , जनवरी 25 -- पंचायती राज विभाग के मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा है कि स्थानीयकृत सतत विकास लक्ष्यों (एलएसडीजी) पर बेहतर प्रदर्शन के आधार पर बिहार के 11 ग्राम पंचायत जनप्रतिनिधियों का चयन किया गया है और ये सभी प्रतिनिधि 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर कर्तव्य पथ, नई दिल्ली में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय परेड में विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि चयनित प्रतिनिधियों में पांच महिला जनप्रतिनिधि भी शामिल हैं जो राज्य के लिये गौरव की बात है।
मंत्री श्री प्रकाश ने कहा कि सतत विकास लक्ष्य-2030 को हासिल करने की दिशा में बिहार की ग्राम पंचायतें केंद्र सरकार की ओर से तय एलएसडीजी के अनुरूप योजनाओं का निर्माण कर रही हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की दूरदर्शी सोच के कारण आज राज्य की 50 प्रतिशत से अधिक ग्राम पंचायतों का नेतृत्व महिलायें कर रही हैं जो नारी सशक्तीकरण का सशक्त उदाहरण है।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि चयनित पंचायत प्रतिनिधियों के साथ उनके पति या पत्नी और पंचायती राज विभाग के एक नोडल और दो सह-नोडल पदाधिकारी समेत 25 सदस्यीय दल नई दिल्ली पहुंच चुका है। यह दल गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित कार्यक्रम में भी भाग लेगा, जहां मंत्रालय और यूनिसेफ के सहयोग से विकसित 'पंचम' चैटबोट का शुभारंभ किया जायेगा।
राष्ट्रीय परेड के लिये चयनित जनप्रतिनिधियों में सहरसा जिले से अर्चना आनंद और नूतन भारती, मधुबनी से राजेश कुमार मिश्रा, अरवल से राजेश सिंह, सीतामढ़ी से पद्मराज भारद्वाज, जहानाबाद से मेराज अहमद, पूर्वी चंपारण से तान्या परवीन, नालंदा से संध्या कुमारी, वैशाली से पंकज कुमार शर्मा, लखीसराय से जुली देवी और कैमूर से प्रदीप कुमार सिंह शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित