भोपाल , जून 23 -- प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने राजधानी भोपाल स्थित एलएनसीटी समूह के विभिन्न ठिकानों पर आज मंगलवार को छापामार कार्रवाई करते हुए वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े मामले में दस्तावेजों की जांच और सर्चिंग शुरू की है।

सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई लगभग 200 करोड़ रुपये की कथित वित्तीय हेराफेरी के मामले से संबंधित है। इससे पहले मध्यप्रदेश आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) ने एलएनसीटी समूह के प्रवर्तक चौकसे परिवार के विरुद्ध छात्रों की फीस, छात्रवृत्ति राशि और शैक्षणिक ऋण के दुरुपयोग से जुड़े आरोपों के आधार पर प्रकरण दर्ज किया था। उसी मामले के आधार पर ईडी ने जांच शुरू की है।

जांच एजेंसियों के अनुसार छात्रों से वसूली गई बस और छात्रावास शुल्क तथा छात्रवृत्ति की राशि को निर्धारित खातों में जमा कराने के बजाय कथित तौर पर निजी कंपनियों के खातों में स्थानांतरित किया गया। आरोप है कि शिक्षा के उद्देश्य से लिए गए ऋणों का उपयोग निजी संपत्तियों के निर्माण और अन्य निजी कार्यों में भी किया गया।

बताया गया है कि मामले की जांच केवल भोपाल तक सीमित नहीं है। एलएनसीटी समूह से जुड़े अन्य संस्थानों और परिसरों में भी दस्तावेजों की जांच की जा रही है। ईडी की कार्रवाई के दौरान वित्तीय लेन-देन, संबंधित कंपनियों और संस्थाओं के रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित