मुरादाबाद , अक्टूबर 03 -- रेलवे ने दिल्ली क्षेत्र के एसबीबी यार्ड में लेवल क्रॉसिंग संख्या चार के स्थान पर सीमित ऊंचाई वाले सबवे (एलएचएस) के निर्माण कार्य के चलते छह, आठ और नौ अक्टूबर को तीन-तीन घंटे के बिजली और यातायात अवरोध लेने का निर्णय लिया है। इस दौरान कुछ ट्रेनों के मार्ग में बदलाव, कुछ के समय में परिवर्तन और एक ट्रेन को निर्धारित स्टेशन पर नियंत्रित किया जाएगा। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने शनिवार को बताया कि एसबीबी यार्ड में आरसीसी गर्डरों की पुशिंग के लिए सुरक्षा प्लेट डालने का काम किया जाना है। उन्होंने बताया कि पांच अक्टूबर को चलने वाली ट्रेन संख्या 19019 बांद्रा टर्मिनस-हरिद्वार को निर्धारित निजामुद्दीन-तिलक ब्रिज-आनंद विहार-साहिबाबाद मार्ग के बजाय निजामुद्दीन-नई दिल्ली-दिल्ली जंक्शन-दिल्ली शाहदरा-साहिबाबाद मार्ग से चलाया जाएगा। इस बदलाव के बावजूद ट्रेन का कोई निर्धारित ठहराव नहीं छूटेगा। इसी तरह आठ अक्टूबर को चलने वाली ट्रेन संख्या 22200 बलिया-ग्वालियर को साहिबाबाद-आनंद विहार-तिलक ब्रिज-निजामुद्दीन के निर्धारित मार्ग के बजाय साहिबाबाद-दिल्ली जंक्शन-नई दिल्ली-निजामुद्दीन मार्ग से संचालित किया जाएगा। इस ट्रेन का भी कोई निर्धारित ठहराव नहीं छूटेगा। छह अक्टूबर को चलने वाली ट्रेन संख्या 05575 सहरसा-आनंद विहार को सहरसा से रात 11:30 बजे रवाना किया जाएगा। यह ट्रेन अपने निर्धारित समय से 150 मिनट विलंब से चलेगी। वहीं ट्रेन संख्या 04013 लालकुआं-आनंद विहार को छह और सात अक्टूबर को साहिबाबाद स्टेशन पर 20 मिनट नियंत्रित किया जाएगा।
रेल प्रशासन के अनुसार, एसबीबी यार्ड में एलएचएस निर्माण से संबंधित कार्य निर्धारित अवधि में पूरा कराने के लिए तीन अलग-अलग दिनों में बिजली और यातायात अवरोध लिया जाएगा।रेल प्रशासन द्वारा यात्रा प्रारंभ करने से पहले अपनी ट्रेन के परिचालन समय और मार्ग की जानकारी सुनिश्चित करने की यात्रियों से अपील की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित