नयी दिल्ली , अक्टूबर 05 -- निर्माण एवं अभियांत्रिकी क्षेत्र की कंपनी लार्सन एंड टुब्रो (एलएंडटी) को देश-विदेश में बिजली पारेषण के क्षेत्र में मेगा ऑर्डर मिले हैं।

कंपनी ने सोमवार को बताया कि ये ऑर्डर उसके बिजली पारेषण एवं वितरण कारोबार को इंजीनियरिंग, खरीद और निर्माण कार्यों के लिए मिले हैं। इसके तहत वह इन देशों में पारेषण नेटवर्क को मजबूत करेगी और नवीकरणीय ऊर्जा को ग्रिड से जोड़ने में मदद करेगी।

नयी परियोजनाएं "मेगा" ऑर्डर की श्रेणी में हैं, यानी 10,000 करोड़ रुपये से 15,000 करोड़ रुपये तक के हैं।

सऊदी अरब में एलएंडटी को 380 केवी पारेषण और सबस्टेशन सेगमेंट में ऑर्डर मिले हैं। इन परियोजनाओं का मकसद पारेषण क्षमता बढ़ाना और नवीकरणीय ऊर्जा को ग्रिड तक पहुंचाना है, ताकि देश के बिजली ग्रिड में स्वच्छ ऊर्जा को शामिल किया जा सके।

कंपनी ने संयुक्त अरब अमीरात में भी 132/11 केवी सबस्टेशन बनाने और उससे जुड़े केबलिंग के काम के लिए एक परियोजना हासिल की है।

देश में आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में पारेषण तंत्र बनाने के लिए निजी क्षेत्र की एक बड़ी डेवलपर कंपनी से ऑर्डर मिला है। इस परियोजना में पारेषण लाइनों और सबस्टेशन का काम शामिल होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित