मुंबई , अगस्त 07 -- निर्माण एवं अभियांत्रिकी क्षेत्र की कपनी एलएंडटी की इकाई एलएंडटी एनर्जी हाइड्रोकार्बन ऑफशोर को तेल एवं प्राकृतिक गैस निगम (ओएनजीसी) से देश के पश्चिमी तट पर पाइपलाइन बदलने की परियोजना और तेल के कुएं के लिए प्लेटफॉर्म बनाने की परियोजना के लिए एक साथ कई ऑर्डर प्राप्त हुए हैं।

पाइपलाइन बदलने की परियोजना के तहत ओएनजीसी के अपतटीय क्षेत्रों में समुद्र के नीचे से गुजरने वाली कई पाइपलाइन खंडों की इंजीनियरिंग, खरीद, निर्माण, स्थापना और कमीशनिंग (ईपीसीआईसी) के साथ-साथ संबंधित संशोधन कार्य किये जायेंगे। इन ऑर्डरों की कुल राशि पांच हजार से 10 हजार करोड़ रुपये के बीच है।

तेल के कुओं के लिए प्लेटफॉर्म बनाने की परियोजना के अंतर्गत चार प्लेटफॉर्म की इंजीनियरिंग, खरीद, निर्माण, स्थापना और कमीशनिंग का कार्य किया जायेगा।

एलएंडटी एनर्जी हाइड्रोकार्बन ऑफशोर अपतटीय तेल एवं गैस उद्योग के लिए एकीकृत ईपीसीआईसी समाधान प्रदान करने वाली अग्रणी कंपनी है। पिछले चार दशकों में इस व्यवसाय ने अनेक अपतटीय परियोजनाओं का सफलतापूर्वक निष्पादन किया है, जिनमें स्थायी प्लेटफॉर्म, समुद्र-तल पाइपलाइन एवं संरचनाएं, ब्राउनफील्ड उन्नयन तथा निष्क्रिय परिसंपत्तियों को हटाने से संबंधित परियोजनाएं शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित