वाराणसी , अक्टूबर 07 -- भारतीय वायु सेना की 94वीं वर्षगांठ के अवसर पर नमो घाट पर आयोजित होने वाले भव्य हवाई प्रदर्शन (एरियल डिस्प्ले-2026) को लेकर सुरक्षा और स्वच्छता के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।

एयर शो के दौरान लड़ाकू विमानों की सुरक्षा और बर्ड-हिट की आशंका को देखते हुए नमो घाट के आसपास 20 से 30 किलोमीटर के दायरे में 19 अक्टूबर से कार्यक्रम की समाप्ति तक मांस-मछली की बिक्री और कटिंग पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। राज्य सरकार ने इस ऐतिहासिक आयोजन को 'स्टेट इवेंट' घोषित किया है। मुख्य एयर शो 22, 23 और 25 अक्टूबर को प्रस्तावित है, जबकि 26 अक्टूबर को आरक्षित (स्टैंडबाय) दिवस रखा गया है।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि आयोजन को सुरक्षित, सुचारू और बर्ड-हिट मुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा एवं प्रशासनिक तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि 20 से 26 अक्टूबर के बीच शहर और कार्यक्रम स्थल के आसपास पक्षियों की गतिविधियों को नियंत्रित करने के लिए नगर निगम विशेष स्वच्छता अभियान चलाएगा।

उन्होंने बताया कि गंगा घाटों पर उमड़ने वाली संभावित भारी भीड़ और जल सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नदी के गहरे जल क्षेत्रों को चिह्नित कर प्रभावी बैरिकेडिंग और चेतावनी बोर्ड लगाए जा रहे हैं। घाटों से नदी की ओर जाने वाले संवेदनशील मार्गों पर भी अवरोधक लगाए जाएंगे, ताकि दर्शक अनियंत्रित रूप से गहरे पानी में न जा सकें। दर्शकों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नमो घाट तथा आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में मोबाइल शौचालय स्थापित किए जाएंगे। इनकी नियमित सफाई और रखरखाव की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।

श्री नागपाल ने कहा कि भारतीय वायु सेना का एरियल डिस्प्ले वाराणसी के लिए गौरवपूर्ण और भव्य आयोजन है। इसे 'स्टेट इवेंट' के रूप में आयोजित किया जा रहा है। नगर निगम की ओर से नमो घाट और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता, गंगा में बैरिकेडिंग, बर्ड-हिट की रोकथाम के लिए मांस-मछली की दुकानों पर प्रतिबंध तथा दर्शकों के लिए मोबाइल शौचालय की समुचित व्यवस्था की जा रही है, ताकि आयोजन सुरक्षित और ऐतिहासिक रूप से संपन्न हो सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित