वाराणसी , अक्टूबर 21 -- नमो घाट पर प्रस्तावित भारतीय वायु सेना के एयर शो के मद्देनजर नगर निगम प्रशासन ने गंगा तटवर्ती क्षेत्रों में स्थित जर्जर और कमजोर भवनों की छतों, छज्जों, मुंडेरों और बालकनियों पर लोगों के एकत्र होने तथा प्रवेश करने पर रोक लगा दी है। नगर निगम ने सुरक्षा के दृष्टिगत शहर के चार जोनों में चिन्हित 424 जर्जर भवनों के स्वामियों को एडवाइजरी जारी की है।

नगर निगम के अनुसार, गंगा तटवर्ती क्षेत्रों में कई पुराने भवनों की दीवारों में दरारें हैं और उनकी छतें तथा छज्जे जर्जर स्थिति में हैं। एयर शो के दौरान विमानों के प्रदर्शन से उत्पन्न कंपन और तेज ध्वनि के साथ ही लोगों की भारी आवाजाही के कारण इन भवनों के असुरक्षित हिस्सों पर अतिरिक्त दबाव पड़ने से दुर्घटना की आशंका है।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर कोतवाली जोन के जोनल अधिकारी मृत्युंजय नारायण मिश्रा सहित अन्य जोनल अधिकारियों ने सुरक्षा संबंधी चेतावनी जारी की है। इसमें निर्देश दिया गया है कि जिन भवनों की छतों, बालकनियों या अन्य हिस्सों में दरारें, झुकाव अथवा प्लास्टर गिरने जैसी समस्याएं हैं, वहां एयर शो देखने के लिए लोगों को एकत्र न होने दिया जाए। भवन स्वामियों और किरायेदारों को संरचनात्मक सुरक्षा सुनिश्चित किए बिना भीड़ जुटाने से बचने को कहा गया है।

एडवाइजरी में असुरक्षित हिस्सों को खाली रखने, वहां बैरिकेडिंग करने और चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी प्रकार का खतरा सामने आने पर तत्काल संबंधित नगर निगम अधिकारी को सूचना देना अनिवार्य होगा। निर्देशों का उल्लंघन करने पर उत्तर प्रदेश नगर निगम अधिनियम, 1959 की धारा 331 और 308 के तहत विधिक कार्रवाई की जाएगी।

नगर निगम ने नागरिकों से प्रशासन द्वारा निर्धारित सुरक्षित स्थानों से ही एयर शो देखने की अपील की है। साथ ही बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने तथा भवनों में दरार बढ़ने या किसी असामान्य आवाज की स्थिति में तत्काल पुलिस, अग्निशमन सेवा अथवा नगर निगम नियंत्रण कक्ष को सूचना देने को कहा है।

नगर निगम के अनुसार, चार जोनों में कुल 424 जर्जर भवन चिन्हित किए गए हैं। इनमें कोतवाली जोन में 215, दशाश्वमेध जोन में 122, भेलूपुर जोन में 70 और आदमपुर जोन में 17 भवन शामिल हैं। इन सभी भवनों के स्वामियों को सुरक्षा संबंधी एडवाइजरी जारी की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित