वाराणसी , अक्टूबर 21 -- वाराणसी में 22, 24 एवं 25 अक्टूबर को आयोजित होने वाले एयर शो के मद्देनजर पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बुधवार को फुल ड्रेस रिहर्सल का अवलोकन किया और वीवीआईपी कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता, अनुशासन, आपसी समन्वय और जनसहयोग के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन, प्रवेश एवं निकास मार्गों, बैरिकेडिंग तथा आपातकालीन व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। पुलिस आयुक्त ने निर्धारित ड्यूटी स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने और प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी को उसकी जिम्मेदारी स्पष्ट रूप से समझाने पर जोर दिया। उन्होंने वीवीआईपी कार्यक्रम स्थल, आवागमन मार्गों, प्रवेश एवं निकास बिंदुओं तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा सुरक्षा संबंधी समस्या की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को दी जाए और आवश्यक कार्रवाई में देरी न हो। सभी संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने तथा विभिन्न इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने को कहा गया।
भीड़ प्रबंधन के संबंध में घाटों एवं नगर क्षेत्र को विभिन्न जोन, सेक्टर और सब-सेक्टर में विभाजित कर पुलिस व्यवस्था को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। निर्धारित दर्शक स्थलों पर भीड़ का नियंत्रित प्रवेश, सुचारु आवागमन और आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों से लोगों को भेजने की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। घाटों पर बैरिकेडिंग, प्रवेश एवं निकास मार्गों तथा भीड़ की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने के भी निर्देश दिए गए।
यातायात व्यवस्था की समीक्षा के दौरान निर्धारित डायवर्जन प्लान का कड़ाई से पालन कराने, वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर व्यवस्थित रूप से खड़ा कराने और पार्किंग भरने की स्थिति में उन्हें वैकल्पिक पार्किंग स्थलों की ओर भेजने को कहा गया। आमजन एवं दर्शकों के आवागमन के साथ आवश्यक सेवाओं को सुचारु बनाए रखने तथा एम्बुलेंस सहित आपातकालीन वाहनों के निर्बाध आवागमन के लिए ग्रीन कॉरिडोर को प्रभावी रखने के निर्देश दिए गए।
सुरक्षा के लिए घाटों एवं प्रमुख स्थलों पर स्थापित सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भीड़ और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने को कहा गया। कैमरों की लाइव फीड त्रिनेत्र सेंटर से मॉनिटर करने तथा आवश्यकता पड़ने पर संबंधित इकाइयों के साथ समन्वय कर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। एयर शो के दौरान प्रतिबंधित ड्रोन गतिविधियों और अन्य सुरक्षा संबंधी निर्देशों का कड़ाई से पालन कराने पर भी जोर दिया गया।
पुलिस आयुक्त ने पुलिसकर्मियों को आमजन एवं दर्शकों के साथ विनम्र व्यवहार करने तथा महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और जरूरतमंद व्यक्तियों की सहायता को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने ड्यूटी के दौरान धैर्य, अनुशासन और संवेदनशीलता बनाए रखने पर भी बल दिया।
निरीक्षण एवं रिहर्सल के दौरान वायु सेना के अधिकारी, अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था), पुलिस उपायुक्त काशी जोन सहित अन्य जनपदों से आए वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट ने आमजन से अपील की है कि एयर शो के दौरान निर्धारित दर्शक स्थलों, पार्किंग स्थलों एवं आवागमन मार्गों का ही उपयोग करें और पुलिस तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। प्रतिबंधित क्षेत्रों में प्रवेश करने, ड्रोन संचालित करने और अफवाहें फैलाने से बचें। किसी भी असुविधा अथवा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित