वाराणसी , अक्टूबर 21 -- भारतीय वायु सेना के प्रस्तावित एयर शो 'विंग्स ओवर गंगा' की सफलता और सुरक्षित आयोजन की कामना के साथ बुधवार को नमामि गंगे की टीम ने महर्षि वेद विज्ञान विद्यापीठ के वेदपाठी बटुकों के साथ मां गंगा की विशेष आरती की। इस दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आयोजन के निर्विघ्न और सफलतापूर्वक संपन्न होने की प्रार्थना की गई।
नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक एवं नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला ने द्वादश ज्योतिर्लिंग, गंगाष्टकम और स्वस्तिवाचन का पाठ कर आयोजन की सफलता के लिए आशीर्वाद मांगा। उन्होंने कहा कि भारतीय वायु सेना की 94वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में नमो घाट पर आयोजित होने वाला 'वायु सेना दिवस एरियल डिस्प्ले-2026' काशी के लिए ऐतिहासिक अवसर है। इस आयोजन के दौरान गंगा के ऊपर लड़ाकू विमानों की गर्जना, सटीक उड़ान और हेलीकॉप्टरों के हैरतअंगेज करतब देखने को मिलेंगे।
उन्होंने बताया कि 'विंग्स ओवर गंगा' थीम पर आधारित यह एयर शो भारतीय वायु सेना की आधुनिक विमानन क्षमताओं का प्रदर्शन करेगा। साथ ही, युवाओं को वायु सेना में शामिल होने के लिए प्रेरित करेगा। आयोजन में सूर्य किरण एरोबैटिक टीम और सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम अपने हवाई करतब दिखाएंगी।
एयर शो में राफेल, सुखोई-30 एमकेआई, तेजस और एलसीएच प्रचंड सहित विभिन्न विमानों के प्रदर्शन की तैयारी है। इसके अलावा आईएल-76, आईएल-78, सी-295 और एएन-32 जैसे परिवहन एवं अन्य श्रेणियों के विमान भी शामिल होंगे। सूर्य किरण टीम विमानों के सटीक तालमेल और सामूहिक उड़ान कौशल का प्रदर्शन करेगी, जबकि सारंग टीम हेलीकॉप्टरों के जरिए अपने हवाई कौशल का परिचय देगी।
आयोजन में भारतीय नौसेना और थल सेना के विमानों की भागीदारी से तीनों सेनाओं की संयुक्त संचालन क्षमता भी प्रदर्शित होगी। गंगा के तट पर होने वाला यह भव्य आयोजन देश की सैन्य शक्ति, तकनीकी दक्षता और वायु सेना के शौर्य को प्रदर्शित करने के साथ काशी के लिए भी एक यादगार अवसर बनने की उम्मीद है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित