नयी दिल्ली , अक्टूबर 06 -- सरकार ने वायुसेना उप प्रमुख के पद पर कार्यरत एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित को 29वें वायुसेना प्रमुख के रूप में नियुक्त किया है।

रक्षा मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि एयर मार्शल दीक्षित 31 अक्टूबर की दोपहर से एयर चीफ मार्शल के पद पर कार्यभार संभालेंगे। मौजूदा वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह 31 अक्टूबर को सेवानिवृत्त होंगे।

एयर मार्शल दीक्षित का जन्म 09 दिसंबर 1966 को हुआ था। उन्हें 06 दिसंबर 1986 को वायुसेना की लड़ाकू शाखा में शामिल किया गया था। उप प्रमुख बनने से पहले वह एकीकृत रक्षा स्टाफ के प्रमुख और मध्य वायु कमान के वायु अधिकारी कमांडिंग-इन-चीफ के पद पर रह चुके हैं।

उन्होंने राष्ट्रीय रक्षा अकादमी, रक्षा स्टाफ सेवा महाविद्यालय और राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय से शिक्षा प्राप्त की है। उन्हें विभिन्न विमानों पर 3500 घंटे से अधिक उड़ान का अनुभव है। इनमें मिराज-2000, मिग के विभिन्न विमान, किरण, जगुआर, आईएल-78, हॉक और तेजस शामिल हैं। वह परीक्षण पायलट और प्रशिक्षित उड़ान प्रशिक्षक भी हैं।

लगभग चार दशक के सेवाकाल में वह ऑपरेशन सफेद सागर, ऑपरेशन रक्षक और ऑपरेशन सिंदूर सहित कई अभियानों और अभ्यासों में शामिल रहे हैं। उन्होंने पश्चिमी क्षेत्र में एक अग्रिम लड़ाकू वायु सैनिक अड्डे और दक्षिणी क्षेत्र में एक प्रमुख लड़ाकू प्रशिक्षण वायु सैनिक अड्डे की कमान भी संभाली है।

उन्हें विशिष्ट सेवा के लिए 2006 में वायु सेना पदक, 2011 में विशिष्ट सेवा पदक, 2023 में अति विशिष्ट सेवा पदक और 2026 में परम विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित