नयी दिल्ली , अक्टूबर 24 -- टाटा समूह की विमान सेवा कंपनी एयर इंडिया और उसकी सहायक एयरलाइंस एयर इंडिया एक्सप्रेस ने सऊदी अरब के लिए अपनी उड़ानों के निलंबन की अवधि बढ़ा दी है।
एयर इंडिया ने शनिवार रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर यात्रियों के लिए जारी परामर्श में बताया कि पश्चिम एशिया में "मौजूदा हालात को देखते हुए" रियाद और दम्मम से आने-जाने वाली एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ानें आगामी 07 नवंबर तक निलंबित रहेंगी। वहीं जेद्दा से आने-जाने वाली सेवाएं आगामी 31 अक्टूबर तक के लिए निलंबित की गई हैं।
इससे पहले, एक अन्य प्रमुख विमान सेवा कंपनी इंडिगो ने भी सऊदी अरब में सुरक्षा को लेकर जारी चिंता के बीच वहां जाने और आने वाली सभी उड़ानों को 31 अक्टूबर तक निलंबित रखने की घोषणा की थी। एयरलाइंस ने आज (शनिवार) दिन में जेद्दा, दम्मम और मदीना की उड़ानों की निलंबन अवधि भी बढ़ाकर 31 अक्टूबर करने की घोषणा की। इससे पहले शुक्रवार को उसने रियाद से आने-जाने वाली उड़ानें 31 अक्टूबर तक और जेद्दा, दम्मम तथा मदीना की उड़ानों को 27 अक्टूबर तक रद्द रखने की घोषणा की थी।
एयर इंडिया ने बताया है कि जिन यात्रियों के पास आगामी 24 अक्टूबर या उससे पहले की कन्फर्म बुकिंग है, वे अपनी यात्रा की तारीख में बदलाव कर सकते हैं या बुकिंग रद्द करके पूरा रिफंड ले सकते हैं। तारीख में बदलाव के लिए यात्रियों को विकल्प दिए जा रहे हैं।
रियाद और दम्मम से/तक यात्रा करने वाले एयर इंडिया के यात्री, जिनकी मूल यात्रा तिथि 07 नवंबर तक है, वे 21 नवंबर तक की यात्रा के लिए सऊदी अरब में एयर इंडिया के किसी भी चालू स्टेशन से/तक एक बार निःशुल्क तारीख में बदलाव कर सकेंगे। यह सुविधा उपलब्धता के आधार पर मिलेगी। इसी तरह, जेद्दा से/तक यात्रा करने वाले यात्री, जिनकी मूल यात्रा तिथि 31 अक्टूबर तक है, वे 14 नवंबर तक की यात्रा के लिए सऊदी अरब में एयर इंडिया के किसी भी चालू स्टेशन से/तक एक बार तारीख में निःशुल्क बदलाव का लाभ उठा सकते हैं। यह भी उपलब्धता के आधार पर होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित