हैदराबाद , जनवरी 29 -- टाटा समूह की विमान सेवा कंपनी एयर इंडिया ने यहां विंग्स इंडिया 2026 में दुनिया की दो सबसे बड़ी विमान बनाने वाली कंपनियों एयरबस और बोइंग के साथ नये करार किये हैं।
एयर इंडिया ने गुरुवार को बताया कि उसने एयरबस को पूर्व में दिये गये दो सौ दस ए321निओ विमानों के ऑर्डर को ए321एक्सएलआर में बदल दिया है।
कंपनी ने 2023 और 2024 में फ्रांस की कंपनी एयरबस के साथ पचास ए350 विमानों और ए320 परिवार के तीन सौ विमानों के लिए करार किये थे। ए320 परिवार के तीन सौ विमानों में दो सौ दस ए321निओ विमानों और नब्बे ए320 निओ विमानों के लिए थे। उसने बताया कि ए321एक्सएलआर विमानों की आपूर्ति 2029 और 2030 में होने की उम्मीद है। इन विमानों की रेंज 8,700 किलोमीटर तक है।
इसके अलावा, उसने अमेरिकी कंपनी बोइंग को 30 नैरोबॉडी विमानों के लिए नये पक्के ऑर्डर दिये हैं। इनमें बीस बोइंग 737-8 विमान और दस 737-10 विमान शामिल हैं।
अब कुल मिलाकर एयर इंडिया ने बोइंग को 250 विमानों के ऑर्डर दिये हैं। उसने 2023 में 220 विमानों के ऑर्डर दिये थे जिसमें 52 विमानों की डिलिवरी मिल चुकी है। इनमें इक्यावन 737-8 विमान एयर इंडिया एक्सप्रेस के बेड़े में और एक 787-9 विमान एयर इंडिया के बेड़े में शामिल किये गये हैं।
एयर इंडिया ने इसके अलावा बोइंग ग्लोबल सर्विसेज के साथ उसके कंपोनेंट सर्विसेज प्रोग्राम के लिए बहु-वर्षीय समझौता किया है। इसके तहत एयरलाइन के बोइंग 787 के पूरे बेड़े के लिए रखरखाव से संबंधित सेवा मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित