नयी दिल्ली , फरवरी 28 -- टाटा समूह की विमान सेवा कंपनी एयर इंडिया ने अपनी अमेरिका और यूरोप जाने वाली कई उड़ानों को रविवार को रद्द करने की घोषणा की है।

एयरलाइंस ने शनिवार को बताया कि दिल्ली से लंदन के हिथ्रो हवाई अड्डे जाने वाली उसकी दो उड़ानें 01 मार्च को रद्द रहेंगी। इसके अलावा मुंबई से लंदन हिथ्रो जाने वाली एक, अमृतसर से लंदन गैट्विक जाने वाली एक, दिल्ली से न्यूयॉर्क के जेएफके एयरपोर्ट पर जाने वाली एक, मुंबई से न्यूयॉर्क के जेएफके एयरपोर्ट पर जाने वाली एक, मुंबई से अमेरिका के नेवार्क जाने वाली एक और दिल्ली से वियना के रास्ते शिकागो जाने वाली एक उड़ान रद्द रहेगी।

वियना के रास्ते दिल्ली से टोरंटो जाने वाली दो उड़ानें और दिल्ली से फ्रैंकफर्ट जाने वाली एक उड़ान रद्द रहेगी। मुंबई से फ्रैंकफर्ट जाने वाली एक उड़ान और दिल्ली से फ्रांस की राजधानी पेरिस जाने वाली दो उड़ानें भी रद्द रहेंगी।

इन सभी मार्गों पर वापसी की उड़ानें भी रद्द रहेंगी। रद्द उड़ानों की सूची उसने अपनी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर साझा की है।

अमेरिका और इजरायल द्वारा एक संयुक्त सैन्य अभियान में आज सुबह पर किए गए हमले के बाद पश्चिम एशिया में बनी नयी भू-राजनीतिक परिस्थितियों के बीच एयर इंडिया ने इन उड़ानों को रद्द करने की घोषणा की है। ये सभी उड़ानें पश्चिम एशिया के ऊपर से होकर गुजरने वाली हैं।

नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने 11 पश्चिम एशियाई देशों की सूची जारी करते हुए विमान सेवा कंपनियों को 02 मार्च तक इनके हवाई क्षेत्र से उड़ान न भरने की सलाह दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित