नयी दिल्ली , सितंबर 07 -- टाटा संस और समूह की विमान सेवा कंपनी एयर इंडिया के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने नवनियुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) तेवोल्दे गेब्रेमरियम का कर्मचारियों से परिचय कराया और इस मौके पर सुरक्षा पर फोकस को सबसे अहम् बताया।

श्री चंद्रशेखरन और एयर इंडिया के निवर्तमान सीईओ एवं प्रबंध निदेशक (एमडी) कैंपबेल विल्सन ने एक टाउनहॉल में श्री गेब्रेमरियम का स्वागत किया और कर्मचारियों से उनका परिचय कराया।

अभी कुछ नियामकीय मंजूरियां मिलनी शेष हैं, जिसके बाद श्री गेब्रेमरियम को आधिकारिक तौर पर नया सीईओ घोषित किया जायेगा। उनकी नियुक्ति ऐसे समय में हुई है, जब एयर इंडिया में सुरक्षा को लेकर काफी चिंताएं हैं। पिछले साल 12 जून को अहमदाबाद में हुई विमान दुर्घटना से इस साल अगस्त में एक पायलट के खून के नमूने की जांच में नशीले दवाओं की मौजूदगी की पुष्टि तक सुरक्षा से संबंधित कई चुनौतियां एयलाइंस के समाने हैं। इसके अलावा, पश्चिम एशिया संकट और कच्चे तेल की ऊंची कीमतों का दबाव भी है।

श्री चंद्रशेखरन ने भी टाउनहॉल में अपने संबोधन में सुरक्षा पर फोकस को सबसे अहम् बताया। उन्होंने कहा कि एयरलाइन के अगले चरण में सुरक्षा, ग्राहकों का भरोसा, परिचालन निष्पादन और लागत अनुशासन पर ध्यान केंद्रित किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा, " सबसे महत्वपूर्ण बात जो एयर इंडिया को हासिल करनी चाहिए, वह है लोगों के मन में भरोसा।" उन्होंने कहा कि एयरलाइंस किसी भी चीज से ऊपर सुरक्षा की परवाह करने के लिए पहचानी जारी चाहिए। उसका सुरक्षा रिकॉर्ड दुनिया की सर्वश्रेष्ठ एयरलाइंस से भी बेहतर होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि सुरक्षा इस बारे में नहीं है कि हम क्या कहते हैं। यह इस बारे में है कि हम हर दिन क्या करते हैं। इसे हासिल करने के लिए संगठन में विश्व-स्तरीय प्रक्रियाओं, कड़े अनुपालन और व्यक्तिगत जवाबदेही की आवश्यकता होगी।

एयर इंडिया चेयरमैन ने ग्राहकों के अनुभव में निरंतरता और तेजी से बदलते परिचालन माहौल में त्वरित प्रतिक्रिया पर भी जोर दिया। इथियोपियन एयरलाइंस के पूर्व प्रमुख श्री गेब्रेमारियम को सीईओ एवं एमडी नियुक्त करने की घोषणा गत पांच अगस्त को की गयी थी। श्री विल्सन के इस साल अप्रैल में इस्तीफा देने के बाद लंबी चयन प्रक्रिया के उपरांत निदेशकमंडल ने उनके नाम पर मुहर लगायी थी।

श्री गेब्रेमारियम को विमानन उद्योग के सबसे सफल मुख्य कार्यकारी अधिकारियों में गिना जाता है। इथियोपियन एयरलाइंस ग्रुप के सीईओ के रूप में एक दशक से अधिक के अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने एक क्षेत्रीय एयरलाइन को अफ्रीका के सबसे बड़े, सबसे लाभदायक और सबसे सम्मानित एयरलाइन समूह में बदल दिया। उनके नेतृत्व में कंपनी का राजस्व चार गुना से अधिक तथा विमान बेड़ा लगभग तीन गुना बढ़ा।

वह डेल्टा एयरलाइंस के वरिष्ठ रणनीतिक सलाहकार के रूप में भी काम कर चुके हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित