नयी दिल्ली , अक्टूबर 17 -- टाटा समूह की विमान सेवा कंपनी एयर इंडिया और उसकी पूर्ण स्वामित्व वाली इकाई एयर इंडिया एक्सप्रेस ने सऊदी अरब को जाने वाली अपनी सभी उड़ाने 24 अक्टूबर तक रद्द कर दी हैं।
एयर इंडिया ने शनिवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, " मौजूदा हालात को देखते हुए एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने 24 अक्टूबर 2026 तक जेद्दा, रियाद और दम्मम के लिए अपनी उड़ानों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है।"एयरलाइंस ने एक दिन पहले ही 20 अक्टूबर तक सऊदी अरब को जाने वाली और वहां से आने वाली अपनी सभी उड़ानें रद्द करने की घोषणा की थी।
पोस्ट में कहा गया है कि जिन यात्रियों ने 15 अक्टूबर 2026 या उससे पहले बुकिंग कराई है और जिनकी यात्रा की तारीखें नौ अक्टूबर से 25 अक्टूबर 2026 के बीच हैं, वे 10 नवंबर 2026 तक बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के अपनी यात्रा की तारीख बदल सकते हैं। जो यात्री दोबारा बुकिंग नहीं करना चाहते, वे उपलब्धता के आधार पर खाड़ी सहयोग परिषद (जीसीसी) क्षेत्र के किसी अन्य स्टेशन से अपनी यात्रा फिर से बुक कर सकते हैं। ऐसे मामलों में उन्हें अपने चुने हुए नए प्रस्थान बिंदु तक पहुंचने की व्यवस्था खुद करनी होगी, साथ ही वीजी और प्रवेश संबंधी सभी जरूरी शर्तों को पूरा करना होगा। एयर इंडिया के यात्री दुबई या दोहा के लिए अपनी बुकिंग बदल सकते हैं। एयर इंडिया एक्सप्रेस के यात्री अबू धाबी, अल ऐन, बहरीन, दोहा, दुबई, कुवैत, मस्कट, रस अल खैमा, सलाला या शारजाह के लिए अपनी बुकिंग बदल सकते हैं। प्रभावित यात्री यात्रा न करने का विकल्प चुनकर पूरा रिफंड भी ले सकते हैं।
एयर इंडिया समूह ने यात्रियों की मदद के लिए हेल्पलाइन भी जारी किए हैं। एयर इंडिया के यात्री 91-1169329333 या 91-1169329999 पर और एयर इंडिया एक्सप्रेस के यात्री 91-124 6935600 पर संपर्क कर सकते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित