मुंबई , अप्रैल 09 -- एयर इंडिया की गुरुवार तड़के बेंगलुरु जा रही एक उड़ान विमान में तकनीकी खराबी के कारण मुंबई वापस लौट आयी।

एयर इंडिया के एक प्रवक्ता ने बताया कि उड़ान संख्या एआई 2812 के पायलट को मुंबई से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद विमान में "संदिग्ध तकनीकी खामी" के बारे में पता चला। सावधानी बरतते हुए वे विमान को मुंबई ले आये जहां उसकी सुरक्षित लैंडिंग हुई और सभी यात्रियों तथा चालक दल के सदस्यों को सकुशल विमान से उतारा गया।

प्रवक्ता ने बताया कि विमान की गहन तकनीकी जांच की जा रही है। उन्होंने यात्रियों को हुई परेशानी के लिए खेद जताते हुए कहा कि प्रभावित यात्रियों को मुंबई हवाई अड्डे पर जरूरत की सारी सुविधाएं मुहैया करायी गयीं और बाद में उन्हें दूसरे विमान से बेंगलुरु भेजा गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित