नयी दिल्ली , जनवरी 14 -- टाटा समूह की विमान सेवा कंपनी एयर इंडिया ने सऊदी अरब की सरकारी एयरलाइंस सऊदिया के साथ कोड शेयर करार किया है।
एयर इंडिया ने बुधवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि यह कोड शेयर फरवरी से प्रभावी होगा। इससे दोनों एयरलाइंस चयनित मार्गों पर एक-दूसरे की उड़ानों पर अपने कोड दे सकेंगी।
सऊदिया के यात्री मुंबई और दिल्ली होते हुए एयर इंडिया की उड़ानों से अहमदाबाद, बेंगलुरु, कोलकाता, कोच्ची, हैदराबाद, चेन्नई, लखनऊ और जयपुर के अलावा 15 अन्य भारतीय शहरों के लिए बुकिंग करा सकेंगे।
वहीं, एयर इंडिया के यात्री जेद्दा और रियाद होते हुए सऊदिया की उड़ानों से दम्मम, अबहा, गासिम, जिजान, मदीना और ताइफ के लिए टिकट बुक करा सकेंगे।
प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि इस साल बाद में इसमें कुछ अन्य अंतर्राष्ट्रीय मार्गों को भी जोड़ जायेगा।
सऊदिया समूह के महानिदेशक इब्राहिम अल उमर ने कहा कि एयर इंडिया के साथ कोड शेयर समझौता एक रणनीतिक कदम है। इससे दोनों देशों के बीच संपर्क के विकल्प बढ़ेंगे और यात्रियों को ज्यादा गंतव्यों तक आसान पहुंच उपलब्ध होगी।
एयर इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं प्रबंध निदेशक कैंपबेल विल्सन ने कहा कि पश्चिम एशिया में सऊदी अरब एयरलाइंस के लिए सबसे अहम बाजार है। वह तेजी से उस क्षेत्र के अंतर्राष्ट्रीय द्वार के रूप में उभर रहा है।
एयर इंडिया के 24 विदेशी विमान सेवा कंपनियों के साथ कोड शेयर समझौते हैं। इसके अलावा उसने लगभग 100 इंटरलाइन समझौते भी किये हैं। अपने नेटवर्क और इन समझौतों के साथ वह दुनिया के 800 शहरों के लिए उड़ानों के विकल्प दे रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित