मुंबई , जुलाई 03 -- टाटा समूह की विमान सेवा कंपनी एयर इंडिया ने देश में विमानों के रखरखाव, मरम्मत और ओवरहॉलिंग (एमआरओ) के लिए पारितंत्र विकसित करने के लिए शुक्रवार को एसआईए इंजीनियरिंग कंपनी लिमिटेड के साथ एक सहमति पत्र (एमओयू) पर हस्ताक्षर किया।

एयर इंडिया की प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि इस सहयोग का उद्देश्य देश को वैश्विक विमानन एमआरओ हब के रूप में विकसित करने में योगदान देना है। एयर इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) एवं प्रबंध निदेशक कैंपबेल विल्सन तथा एसआईए इंजीनियरिंग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी चिन याउ सेंग द्वारा ने यहां एक समारोह में एमओयू पर हस्ताक्षर किये।एसआईए इंजीनियरिंग की एमआरओ और तकनीकी विशेषज्ञता का इस्तेमाल एयर इंडिया के स्थापित परिचालन नेटवर्क को और मजबूत बनाने तथा देश में विश्वस्तरीय एमआरओ पारितंत्र का संयुक्त रूप से विकास करने के लिए किया जायेगा। इस सहयोग के तहत देश में एक संयुक्त उद्यम स्थापित करने की संभावना भी तलाशी जायेगी।

श्री विल्सन ने कहा कि तेजी से बढ़ते विमानन क्षेत्र के कारण देश के भीतर एक मजबूत और आत्मनिर्भर एमआरओ पारितंत्र की आवश्यकता बढ़ रही है। जैसे-जैसे विमानों की संख्या और परिचालन का विस्तार होगा, स्थानीय रखरखाव क्षमता का विकास दक्षता, मजबूती और दीर्घकालिक विकास के लिए महत्वपूर्ण होगा। इस प्रकार की साझेदारियां देश को वैश्विक विमानन केंद्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।

श्री सेंग ने कहा कि भारत दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ते विमानन बाजारों में से एक है और इसकी एमआरओ क्षमताओं का निरंतर विकास वैश्विक विमानन उद्योग में इसकी स्थिति को और मजबूत करेगा। यह सहयोग एयर इंडिया के साथ हमारी मौजूदा साझेदारी को और आगे बढ़ायेगा।

एयरलाइंस ने स्पष्ट किया कि यह प्रस्तावित सहयोग कानूनी रूप से बाध्यकारी नहीं है। भविष्य में आवश्यक प्रगति और महत्वपूर्ण विकास के आधार पर इसे चरणबद्ध तरीके से अंतिम रूप दिया जा सकता है।

इससे पहले दोनों कंपनियों ने फरवरी 2024 में एयर इंडिया के वर्तमान एयरबस ए320 परिवार के विमानों के लिए कलपुर्जों से संबंधित व्यापक समर्थन के लिए 12-वर्षीय समझौता किया था। मई 2024 में बेंगलुरु स्थित एयर इंडिया की बेस मेंटेनेंस सुविधाओं के विकास के लिए एसआईए इंजीनियरिंग को रणनीतिक बेस मेंटेनेंस साझेदार नियुक्त किया गया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित