नयी दिल्ली , जुलाई 23 -- टाटा समूह की विमान सेवा कंपनी एयर इंडिया और सऊदी अरब की सरकारी एयरलाइंस सऊदिया ने रणनीतिक सहयोग का विस्तार करने के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किये हैं।
कंपनी ने गुरुवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि इस एमओयू का उद्देश्य भारत और सऊदी अरब के बीच बेहतर हवाई संपर्क स्थापित करना तथा दोनों देशों के बीच लगातार बढ़ रही यात्रा मांग को समर्थन देना है। दोनों एयरलाइंस के बीच कोडशेयर समझौता पहले से है।
सऊदिया ग्रुप के महानिदेशक एच.ई. इंजीनियर इब्राहिम अल-ओमर और एयर इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं प्रबंध निदेशक कैंपबेल विल्सन ने एमओयू पर हस्ताक्षर किये।
करार के तहत प्रमुख क्षेत्रों में मौजूदा कोडशेयर समझौते का विस्तार, दोनों एयरलाइनों के नेटवर्क के बीच बेहतर कनेक्टिविटी, एक ही टर्मिनल से परिचालन की संभावनाओं का आंकलन तथा परिचालन और व्यावसायिक सहयोग के नये अवसरों की खोज शामिल है। इसके अलावा, दोनों एयरलाइनों के लॉयल्टी प्रोग्राम के बीच सहयोग की संभावनाओं पर भी विचार किया जायेगा।
एयर इंडिया की सहयोगी कंपनी एयर इंडिया एक्सप्रेस और सऊदिया की सहयोगी फ्लायअडील भी समझौते में शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित