नयी दिल्ली , फरवरी 17 -- एयर इंडिया और लुफ्थांसा समूह ने आपसी सहयोग को और आगे बढ़ाते हुए एक-दूसरे के यात्रियों के लिए भारत और यूरोप में साझा कनेक्टिविटी का विस्तार करने के लिए मंगलवार को एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किये।

यह समझौता हाल ही में संपन्न ऐतिहासिक भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार संधि (एफटीए) से उत्पन्न अवसरों का लाभ उठाने के उद्देश्य से किया गया है। इसके तहत एयर इंडिया और जर्मनी के लुफ्थांसा समूह की विमान सेवा कंपनियों और सहायक कंपनियों - एयर इंडिया एक्सप्रेस, ऑस्ट्रियन एयरलाइंस, ब्रसेल्स एयरलाइंस, आईटीए एयरवेज, लुफ्थांसा, स्विस इंटरनेशनल एयर लाइंस और अन्य संबद्ध एयरलाइंस समेत - के बीच संयुक्त व्यावसायिक समझौते की रूपरेखा तय की गयी है।

एयर इंडिया और लुफ्थांसा समूह के बीच एक कोडशेयर समझौता पहले से है। दोनों स्टार एलायंस के सदस्य हैं। यह करार दोनों पक्षों को भारत और प्रमुख यूरोपीय बाजारों के बीच कनेक्टिविटी बढ़ाने के विकल्प तलाशने में सक्षम बनायेगा।

एमओयू पर एयर इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं प्रबंध निदेशक कैंपबेल विल्सन और लुफ्थांसा समूह के चेयरमैन एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी कार्स्टन श्पोर ने हस्ताक्षर किये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित