नयी दिल्ली , मार्च 24 -- एयर इंडिया समूह और इंडिगो मिलकर बुधवार को भारत और पश्चिम एशिया के बीच कुल 56 उड़ानों का परिचालन करेगी।

एयर इंडिया ने बताया कि वह अपनी सहायक कंपनी एयर इंडिया एक्सप्रेस के साथ 25 मार्च को भारत और पश्चिम एशिया के बीच कुल 26 नियमित और विशेष उड़ानों का परिचालन करेगी। इनमें 18 नियमित और आठ विशेष उड़ानें होंगी।

नियमित उड़ानों में ओमान की राजधानी मस्कट से एयर इंडिया एक्सप्रेस की दिल्ली और मुंबई के लिए एक-एक उड़ान होगी। वह सऊदी अरब के जेद्दा से कोझिकोड़ और मेंगलुरु के लिए एक-एक उड़ान तथा राजधानी रियाद से बेंगलुरु और कोझिकोड़ के लिए एक-एक उड़ान का परिचालन करेगी।

एयर इंडिया ने भी रियाद से मुंबई और जेद्दा से दिल्ली तथा मुंबई के लिए नियमित उड़ानों की घोषणा की है।

विशेष उड़ानें संयुक्त अरब अमीरात के दुबई और अबु धाबी से उपलब्ध होंगी। एयर इंडिया दुबई से दिल्ली के एक उड़ान का परिचालन करेगी। एयर इंडिया एक्सप्रेस की दुबई से दिल्ली के लिए और अबु धाबी से दिल्ली और मुंबई के लिए एक-एक उड़ान उपलब्ध होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित