नयी दिल्ली , अक्टूबर 13 -- सऊदी अरब में युद्ध की स्थिति को देखते हुए भारतीय विमान सेवा कंपनियों ने "सुरक्षा कारणों से" 17 अक्टूबर तक वहां जाने वाली और वहां से आने वाली अपनी सभी उड़ानें रद्द कर दी हैं।
टाटा समूह की विमान सेवा कंपनी एयर इंडिया, यात्री संख्या के लिहाज से देश की सबसे बड़ी एयरलाइंस इंडिगो और नवोदित अकासा एयर ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर बताया कि 17 अक्टूबर तक सऊदी अरब के लिए उनकी सभी उड़ानें रद्द रहेंगी।
एयर इंडिया ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "सऊदी अरब में बदलती स्थिति को देखते हुए रियाद, दम्मम और जेद्दा के लिए और वहां से आने-जाने वाली एयर इंडिया की सभी उड़ानें 17 अक्टूबर 2026 तक रद्द कर दी गई हैं। हम सुरक्षित रूप से उड़ानें फिर से शुरू करने के लिए इस क्षेत्र में हो रही गतिविधियों पर बारीकी से नजर रख रहे हैं।"इंडिगो ने सऊदी अरब में बदलती परिस्थितियों के कारण रियाद, जेद्दा, दम्मम और मदीना से आने-जाने वाली उड़ानें 17 अक्टूबर तक रद्द करने की सूचना दी है।
अकासा ने एयर ने पश्चिम एशिया में बिगड़ते सुरक्षा हालात और सुरक्षित उड़ान संचालन से जुड़े जोखिमों को देखते हुए रियाद और जेद्दा के लिए और वहां से आने-जाने वाली सभी उड़ानों को 17 अक्टूबर तक रद्द रखने की घोषणा की है। उसने कहा है कि यह फैसला बदलती परिस्थितियों का सावधानीपूर्वक आंकलन करने के बाद लिया गया है, जिसमें सुरक्षा को सबसे अहम माना गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित