हैदराबाद , जनवरी 31 -- फ्रांस की कंपनी एयरबस कॉर्पोरेट हेलीकॉप्टर्स को एक निजी भारतीय ग्राहक से तीन हेलीकॉप्टरों के लिए ऑर्डर मिले हैं।
कंपनी ने शनिवार को बताया कि उसे भारत से एच175 हेलीकॉप्टर के लिए पहला ऑर्डर मिला है। साथ ही दो ओसीएच160 हेलीकॉप्टर के ऑर्डर मिले हैं। उक्त ऑपरेटर के बेड़े में एसीएच160 हेलीकॉप्टर के पहले से शामिल हैं।
एच175 दो इंजन वाला सुपर-मीडियम हेलीकॉप्टर है जिसमें कुल 16 सीटें होंगी। इसकी डिलिवरी इसी साल होने की संभावना है। दो एसीएच160 हेलीकॉप्टरों को ग्राहक विशेष जरूरत के हिसाब से तैयार किया जायेगा और उनकी डिलिवरी अगले साल होगी।
यहां बेगमपेट हवाई अड्डे पर चल रहे विंग्स इंडिया 2026 कार्यक्रम के दौरान इस ऑर्डर पर मुहर लगी।
भारत और दक्षिण एशिया में एयरबस हेलीकॉप्टर के प्रमुख सन्नी गुगलानी ने कहा कि ये ऑर्डर देश में बढ़ते नागरिक हेलीकॉप्टरों के बाजार को रेखांकित करते हैं। उन्होंने कहा कि दोनों हेलीकॉप्टर यात्री परिवहन के लिए सर्वथा अनुकूल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित