नयी दिल्ली , जनवरी 27 -- विमान एवं हेलीकॉप्टर बनाने वाली दुनिया की अग्रणी कंपनी एयरबस के कर्नाटक में बन रहे एच125 हेलीकॉप्टर संयंत्र का उद्घाटन फरवरी-मार्च में संभव है।
फ्रांस की कंपनी एयरबस ने सोमवार को साल 2025 के प्रदर्शन की मुख्य बातें साझा करते हुए यह जानकारी दी। कंपनी ने बताया कि अपनी विस्तार योजना के तहत वह कर्नाटक के वेमागल में एच125 हेलीकॉप्टर के लिए फाइनल असेम्बली लाइन लगा रही है। इसके लिए साल 2025 में काम शुरू हुआ था।
कंपनी ने अपने बयान में कहा है, "आने वाले सप्ताहों में उद्घाटन इसका उद्घाटन किया जाना है। यह एच125 हेलीकॉप्टर के लिए दुनिया में एयरबस का चौथा संयंत्र होगा। जो भारतीय बाजार के प्रति एयरबस की प्रतिबद्धता और वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला की मजबूती को दिखाता है।"इस संबंध में पूछे जाने पर कंपनी के एक प्रवक्ता ने दोहराया कि उद्घाटन के बारे में "आने वाले सप्ताहों में" और जानकारी मिल सकेगी। उन्होंने 'यूनीवार्ता' को बताया कि इस संयंत्र से पहले हेलीकॉप्टर की डिलिवरी साल 2027 में होने की उम्मीद है।
एयरबस ने बताया है कि साल 2025 में उसे 544 हेलीकॉप्टरों के ऑर्डर मिले जो नागरिक और सैन्य दोनों क्षेत्रों से मांग में मजबूत वृद्धि दर्शाता है। पचास देशों से 205 ग्राहकों से ये ऑर्डर मिले हैं। कंपनी ने साल के दौरान 392 हेलीकॉप्टरों की डिलिवरी की। साथ ही ड्रोनों के ऑर्डर में भी मजबूत वृद्धि दर्ज की गयी।
एयरबस हेलीकॉप्टर्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ब्रूनो ईवेन ने कहा कि रक्षा एवं सुरक्षा पर कंपनी का फोकस अपने उच्चतम स्तर पर है। साथ ही ड्रोन की बढ़ रही मांग को पूरा करने में कंपनी अग्रणी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित