बैतूल , अगस्त 04 -- मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में भारतीय वायु सेना में चयनित युवक मोहित गलफट की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए मृतक के जीजा समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार ससुर की कृषि भूमि पर कब्जा करने की मंशा, पुरानी रंजिश और सुनियोजित षड्यंत्र के तहत हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया था।
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने मंगलवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में मृतक का जीजा राजा मस्की पिता उमेश मस्की, संजय उर्फ पिंटिया गलफट पिता वामन गलफट तथा आकाश पिता नारायण गलफट, सभी निवासी ग्राम पुसली शामिल हैं। मामले में अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
उन्होंने बताया कि 25 जुलाई को ग्राम पुसली निवासी मोहित गलफट के घर नहीं लौटने पर आठनेर थाने में गुमशुदगी दर्ज की गई थी। अगले दिन परिजनों ने खेत के पास उसके जूते और मोबाइल संदिग्ध अवस्था में पड़े होने की सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल का वैज्ञानिक निरीक्षण कराया तथा एसडीआरएफ की सहायता से खेत के सभी कुओं की तलाशी ली। इस दौरान एक कुएं से मोहित का शव बरामद हुआ। शव के गले में एल्यूमीनियम का तार लिपटा मिला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि होने पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर विशेष जांच शुरू की।
जांच में सामने आया कि मोहित की बहन ने राजा मस्की से प्रेम विवाह किया था। पुलिस के अनुसार राजा मस्की की नजर अपने ससुर मंचित गलफट की लगभग सात से आठ एकड़ कृषि भूमि पर थी। उसे विश्वास था कि यदि मोहित रास्ते से हट जाएगा तो भविष्य में यह जमीन उसकी पत्नी के माध्यम से उसके कब्जे में आ सकती है। वहीं सह-आरोपी संजय और आकाश के परिवार का भी मृतक के परिवार से खेत, सिंचाई, पाइपलाइन, कुएं के पानी और अन्य मामलों को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था।
पुलिस के अनुसार आरोपियों को जानकारी थी कि मोहित का भारतीय वायु सेना में चयन हो गया है और वह 26 जुलाई को प्रशिक्षण के लिए रवाना होने वाला है। उन्हें आशंका थी कि नौकरी पर चले जाने के बाद उनकी योजना सफल नहीं हो पाएगी। इसी कारण उन्होंने तत्काल हत्या की साजिश को अंजाम देने का निर्णय लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित